26/11 के आतंकी हमलों के बाद सुरक्षा कारणों से लगाए गए बोल्डर्स (bollards) और बैरिकेड्स को लेकर बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने कोलाबा स्थित iconic ताज महल पैलेस होटल को 22 करोड़ रुपये का नोटिस जारी किया है. ये मामले साल 2022 से चर्चा में है, क्योंकि होटल प्रबंधन ने सुरक्षा कारणों का हवाल देते हुए छूट (waiver) की मांग कर रहा है.
दरअसल, 2008 के आतंकी हमलों के बाद ताज पैलेस होटल तक सीधी पहुंच रोकने और इस लग्जरी होटल की सुरक्षा बढ़ाने के लिए होटल के चारों ओर बॉलार्ड और बैरिकेड लगाए गए थे. नियमों के मुताबिक, सार्वजनिक सड़कों और फुटपाथों को बंद करने पर शुल्क देना होता है, जिसके चलते ये बकाया राशि 22 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है. होटल प्रबंधन सुरक्षा कारणों का हवाला देकर 2022 से इस शुल्क को माफ करने की मांग कर रहा है.
BMC के 'A' वार्ड कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि होटल ने कुछ राशि जमा की है, लेकिन एक बड़ा हिस्सा अभी-भी होटल द्वारा चुकाया जाना बाकी है. हालांकि, कुछ भुगतान प्राप्त हुआ है, लेकिन कई सालों में जमा हुए कुल शुल्क का एक बड़ा हिस्सा अभी-भी चुकाया जाना बाकी है.
होटल प्रबंधन से चल रही है बातचीत
उन्होंने आगे बताया कि होटल के प्रतिनिधियों का कहना है कि बॉलार्ड सुरक्षा के नजरिए से लगाए गए थे. इसलिए उन्होंने शुल्क में छूट की मांग की है. हमारी बातचीत अभी चल रही है. हम आने वाले दिनों में इस विषय पर अंतिम फैसला लेंगे.
बता दें कि इससे पहले 2020 में शिवसेना (UBT) के नेतृत्व वाली स्थायी समिति ने सार्वजनिक सड़कों पर सुरक्षा ढांचा बनाने के लिए ताज महल पैलेस होटल को लगभग 10 करोड़ रुपये की छूट देने की मंजूरी दी थी. हालांकि, पिछले साल अप्रैल में ये छूट वापस ले ली गई थी.
ऋत्विक भालेकर