2.5 लाख रुपये देकर रचाई शादी, 48 घंटे बाद दुल्हन ने ही खोला ठगी के रैकेट का राज!

बीड के गेवराई में 2.5 लाख रुपये देकर शादी कहाई गई थी. दो दिन बाद दुल्हन ने शादी के रैकेट का खुलासा कर दिया. इसके साथ ही फर्जी आधार कार्ड के जरिए युवकी की उम्र 20 बताई गई थी. पुलिस जांच में युवती के नाबालिग होने की बात सामने आई.

Advertisement
बीड में शादी के रैकेट का खुलासा हुआ है (Representational) बीड में शादी के रैकेट का खुलासा हुआ है (Representational)

aajtak.in

  • मुंबई,
  • 22 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 6:40 PM IST

महाराष्ट्र के बीड से शादी के एक रैकेट का खुलासा हुआ है. गेवराई के रहने वाले युवक के परिवार ने शादी के लिए जालना के जाफराबाद में रहने वाले बिचौलियों से संपर्क किया था. पुलिस के मुताबिक, 22 जून को युवक के पिता ने WhatsApp पर बेटे की तस्वीर और बायोडाटा भेजा था. इसके बाद बिचौलियों ने एक युवती की तस्वीर भेजकर परिवार को जाफराबाद बुलाया.

Advertisement

1 अक्टूबर को युवक अपने माता-पिता के साथ लड़की देखने जाफराबाद पहुंचा. मुलाकात के दौरान बिचौलियों ने रिश्ता पक्का कराने के लिए 2.5 लाख रुपये मांगे. परिवार ने शादी की उम्मीद में रकम देने पर सहमति जताई.

पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर की शाम दुल्हन का परिवार कार से गेवराई पहुंचा. तय रकम में से 25-25 हजार रुपये दो मोबाइल नंबरों पर ऑनलाइन भेजे गए, जबकि बाकी 2 लाख रुपये नकद दिए गए. इसके बाद पुजारी को बुलाकर शादी की रस्में कराई गईं. विवाह के बाद बिचौलिए वहां से चले गए और दुल्हन को दूल्हे के परिवार के पास छोड़ दिया गया.

शादी के बाद दुल्हन ने बताई सच्चाई

शादी के 48 घंटे के भीतर दुल्हन अपने मायके जाने की जिद करने लगी. परिवार ने दशहरे के आसपास उसे घर पहुंचाने की बात कही. इसी दौरान युवती ने कथित तौर पर बताया कि यह शादी एक रैकेट का हिस्सा थी और मकसद पैसे और सोने के गहने हासिल करना था.

Advertisement

यह भी पढ़ें: हैदराबाद में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का खेल, 25.16 लाख रुपये की ठगी का आरोपी गिरफ्तार

फर्जी आधार कार्ड से छिपाई गई उम्र?

मामला पुलिस तक पहुंचा तो 19 अक्टूबर को युवती का बयान दर्ज किया गया. जांच में पता चला कि उसके आधार कार्ड में उम्र 20 साल दर्ज थी, लेकिन पुलिस के मुताबिक वह वास्तव में नाबालिग है.

युवती ने पुलिस को बताया कि उसे बिना पहले बताए गेवराई लाया गया और जबरन शादी कराई गई. अब पुलिस इस मामले में भी यह भी पता लगाएगी कि युवती खुद ठगी का शिकार हुई थी या उसे भी इस पूरे खेल में इस्तेमाल किया गया. 

फिलहाल पुलिस ने नाबालिग को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया, जिसके बाद उसे बाल गृह भेज दिया गया है. गेवराई पुलिस के इंस्पेक्टर किशोर पवार के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच की जा रही है और कथित रैकेट से जुड़े लोगों का पता लगाया जा रहा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »