महाराष्ट्र के बीड जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 साल के युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह दुर्घटना शिरूर कासार तहसील के नागर्याचीवाड़ी के पास हुई, जब चारों युवक होली मनाने के लिए एक रिसॉर्ट की ओर जा रहे थे.
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने बताया कि कार चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था और अचानक नियंत्रण खो बैठा. इसके बाद कार कई बार पलटते हुए एक खेत में स्थित कुएं की सुरक्षा दीवार से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
बीड शहर में हुआ हादसा
हादसे में बीड शहर के रामतीर्थ क्षेत्र निवासी कृष्णा जलिंदर मुले (22) की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, कार में सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.
बताया जा रहा है कि पीड़ित और उनके मित्र दो अलग-अलग वाहनों से पुणे जिले के शिरूर स्थित एक रिसॉर्ट में होली मनाने जा रहे थे. दूसरे वाहन में सवार दोस्तों ने दुर्घटना के बाद तुरंत गाड़ी रोकी और क्षतिग्रस्त कार से घायलों को बाहर निकाला.
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, घायलों में से एक की हालत बेहद गंभीर है और उसका इलाज छत्रपति संभाजीनगर के एक अस्पताल में जारी है. अन्य घायलों का भी उपचार चल रहा है.शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
aajtak.in