महाराष्ट्र के अंबरनाथ में एक बिल्ली को 12वीं मंजिल से नीचे फेंककर मारने के कथित मामले को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली. सोमवार को बड़ी संख्या में पशुप्रेमियों ने कैंडल मार्च निकालकर आरोपी की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मामले में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. इसी को लेकर लोगों ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और मृत बिल्ली को न्याय दिलाने की मांग उठाई.
कैंडल मार्च अंबरनाथ के छत्रपति शिवाजी महाराज चौक से शुरू होकर हुतात्मा चौक तक निकाला गया. इसमें बड़ी संख्या में पशुप्रेमी शामिल हुए. लोगों के हाथों में मोमबत्तियां और विरोध प्रदर्शन के पोस्टर थे. प्रदर्शन के दौरान "बिल्ली को न्याय दो" और "आरोपी को गिरफ्तार करो" जैसे नारे लगाए गए. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से मामले में जल्द कार्रवाई करने की मांग की.
जानकारी के अनुसार, यह घटना 26 जुलाई को अंबरनाथ के पालेगांव स्थित रॉयल फ्लोरा फेज-2 सोसायटी में हुई थी. आरोप है कि राजू सालुंके नाम के व्यक्ति ने इमारत की 12वीं मंजिल की कॉमन लॉबी में मौजूद एक बिल्ली को नीचे धक्का दे दिया. बिल्ली नीचे गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
12वीं मंजिल से बिल्ली को फेंकने के आरोप से मचा आक्रोश
घटना सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. बाद में इसका वीडियो सामने आया, जिसके वायरल होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. वीडियो सामने आने के बाद पशुप्रेमियों और स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग शुरू कर दी.
इस मामले में एक पशुप्रेमी की शिकायत पर अंबरनाथ के शिवाजीनगर पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने सोसायटी पहुंचकर आरोपी से पूछताछ भी की, लेकिन अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है. इसी बात को लेकर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए और आरोपी को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की.
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि केवल मामला दर्ज करना पर्याप्त नहीं है. आरोपी की गिरफ्तारी भी जल्द होनी चाहिए ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके. उन्होंने पुलिस से मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की.
मामले में एक और महत्वपूर्ण बात सामने आई है. घटना के बाद बिल्ली को बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के दफना दिया गया था. बाद में पुलिस ने बिल्ली के शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान
फिलहाल शिवाजीनगर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वहीं पशुप्रेमियों का कहना है कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे न्याय की मांग उठाते रहेंगे. कैंडल मार्च के जरिए उन्होंने मृत बिल्ली को न्याय दिलाने और मामले में जल्द कार्रवाई की मांग दोहराई.
मिथिलेश गुप्ता