रांची से पटना जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक 21 साल का युवक लापता हो गया. अधिकारियों के मुताबिक, युवक की पहचान देवपालिक गुप्ता के रूप में हुई है, वह उत्तर प्रदेश के कुशीनगर का रहने वाला है.
जानकारी के मुताबिक, देवपालिक दिल्ली के IIMC के पूर्व छात्र हैं और प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी में डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर के तौर पर जुड़े हुए हैं. स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम उनकी तलाश कर रही है.
देवपालिक के दोस्त और सहकर्मी गौतम कुमार ने बताया कि वे रांची रेलवे स्टेशन से जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार हुए थे. ट्रेन करीब 2:25 बजे रांची स्टेशन से रवाना हुई थी.
पैंट्री पर उतरने के बाद हुए लापता
गौतम कुमार के मुताबिक, ट्रेन रवाना होने के करीब दस मिनट बाद देवपालिक ने साथियों से कहा कि वह खाने का कुछ सामान लेने के लिए पैंट्री कार जा रहे हैं. इसके बाद वह अपनी सीट पर वापस नहीं लौटे.
यह भी पढ़ें: बिजनौर WhatsApp वीडियो विवाद में नया मोड़, मंदिर में साथ रहने का दावा करने वाली महिला पुलिसकर्मी लापता
गौतम ने बताया, "इसके बाद हम अपनी सीट से उठे और हमारे कोच के पास मौजूद पैंट्री कार में गए, लेकिन वह वहां नहीं मिले. फिर हमने ट्रेन के हर कोच में उनकी तलाश की, लेकिन वह ट्रेन में कहीं नहीं थे".
रांची से रवाना होने के बाद ट्रेन जब अपने पहले पड़ाव मुरी जंक्शन पर रुकी, तब देवपालिक के साथियों ने रेलवे पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद उनकी तलाश शुरू की गई.
मुरी जंक्शन के आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव सिंह ने बताया कि लापता युवक की तलाश जारी है. जंक्शन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि यह तय है युवक रांची के बाद ट्रेन के पहले पड़ाव मुरी में नहीं उतरे थे. उनका मोबाइल भी बंद है. फिलहाल स्थानीय पुलिस और आरपीएफ के जवानों की संयुक्त टीम देवपालिक की तलाश में जुची हुई है.
aajtak.in