झारखंड पुलिस के 'ऑपरेशन भरोसा' ने लौटाई 301 लोगों के चेहरे पर मुस्कान, जानिए क्या है पूरा मामला

झारखंड के रामगढ़ में पुलिस का 'ऑपरेशन भरोसा' लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला रहा है. अभियान के तहत चार महीने में 301 गुम मोबाइल बरामद किए गए हैं. शुक्रवार को 56 महिला-पुरुषों को उनके फोन लौटाए गए हैं. एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने CEIR पोर्टल के इस्तेमाल की जानकारी देकर लोगों से परिवार और परिचितों को जागरूक करने की अपील की.

Advertisement
4 महीने में 301 फोन बरामद.(Photo: Screengrab) 4 महीने में 301 फोन बरामद.(Photo: Screengrab)

राजेश वर्मा

  • रामगढ़,
  • 30 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 5:23 PM IST

झारखंड के रामगढ़ जिले में पुलिस का 'ऑपरेशन भरोसा' आम लोगों के लिए राहत का अभियान बनता जा रहा है. इस पहल के तहत पुलिस ने पिछले चार महीनों में 301 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंपे हैं. मोबाइल मिलने के बाद लोगों के चेहरे पर खुशी लौट आई है. साथ ही पुलिस के प्रति उनका विश्वास भी मजबूत हुआ है.

Advertisement

इसी अभियान के तहत शुक्रवार को रामगढ़ पुलिस ने 56 महिला और पुरुषों को उनके गुम हुए मोबाइल फोन सुपुर्द किए हैं. लंबे समय बाद अपना खोया हुआ फोन वापस पाकर लोगों ने राहत की सांस ली. पुलिस की इस पहल से लाभार्थियों के चेहरे पर मुस्कान दिखाई दी और आम जनता तथा पुलिस के बीच भरोसे का रिश्ता और मजबूत हुआ.

यह भी पढ़ें: 40 हाथियों ने खदानों के पास डाला डेरा, रामगढ़ में मचा हड़कंप... CCL ने जारी किया अलर्ट

रामगढ़ पुलिस का कहना है कि आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 'ऑपरेशन भरोसा' चलाया जा रहा है. जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मोबाइल गुम होने से संबंधित दर्ज सनहा और CEIR पोर्टल पर मिली शिकायतों के आधार पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत रामगढ़ जिले के साथ-साथ दूसरे जिलों से भी गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए जा रहे हैं.

Advertisement

चार महीने में 301 मोबाइल बरामद, पुलिस ने बताया CEIR पोर्टल का महत्व

इस अभियान की सफलता के पीछे पुलिस की मुस्तैदी और तकनीकी दक्षता अहम भूमिका निभा रही है. रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने लोगों को CEIR पोर्टल के इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया. उन्होंने बताया कि दूरसंचार विभाग की यह पहल खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन को ब्लॉक करने और ट्रैक करने में काफी उपयोगी है.

एसपी ने आम लोगों को यह भी समझाया कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर सबसे पहले अपने नजदीकी थाने में इसकी सूचना दें. इसके लिए सनहा या FIR दर्ज कराएं और उसकी एक कॉपी अपने पास जरूर रखें. इसके बाद अपने टेलीकॉम ऑपरेटर जैसे Jio, Airtel, Vi या BSNL के कस्टमर केयर अथवा स्टोर पर जाकर उसी नंबर का डुप्लीकेट सिम जारी करवाएं, ताकि आगे की प्रक्रिया के लिए जरूरी OTP मिल सके.

इसके बाद आधिकारिक वेबसाइट ceir.gov.in पर जाकर 'Block Stolen/Lost Mobile' विकल्प पर क्लिक करना होगा. इस प्रक्रिया के जरिए गुम या चोरी हुए मोबाइल को ब्लॉक कराने के साथ उसे ट्रैक करने में भी मदद मिलती है.

परिवार और परिचितों को भी जागरूक करने की अपील

रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने लोगों से अपील की कि वे CEIR पोर्टल की इस सुविधा के बारे में अपने परिवार के सदस्यों, मित्रों और परिचितों को भी जागरूक करें. उन्होंने बताया कि समय पर शिकायत दर्ज कराने और ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाने से खोए हुए मोबाइल की बरामदगी में मदद मिल सकती है.

Advertisement

रामगढ़ पुलिस द्वारा जिले के तमाम थाना क्षेत्रों में दर्ज शिकायतों पर कार्रवाई जारी है. 'ऑपरेशन भरोसा' के जरिए पुलिस न केवल लोगों की खोई संपत्ति वापस दिलाने का प्रयास कर रही है, बल्कि जनता के बीच अपनी छवि और विश्वास को भी मजबूत कर रही है. चार महीने में 301 मोबाइल की बरामदगी और शुक्रवार को 56 लोगों को फोन लौटाना इसी पहल की बड़ी सफलता मानी जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »