हाथी के हमले से गांव में दहशत, पश्चिम सिंहभूम में गर्भवती महिला की दर्दनाक मौत

पश्चिम सिंहभूम जिले में जंगली हाथी के हमले में एक गर्भवती महिला की दर्दनाक मौत हो गई. घटना उस समय हुई जब महिला हाथियों की हलचल की आशंका के चलते घर से बाहर निकली थी. इसी दौरान हाथी ने उसे सूंड से पकड़कर जमीन पर पटक दिया और कुचल दिया. वन विभाग और पुलिस मामले की जांच में जुटे हैं.

Advertisement
हाथी के हमले से गर्भवती महिला की मौत (Photo: Representational) हाथी के हमले से गर्भवती महिला की मौत (Photo: Representational)

aajtak.in

  • पश्चिम सिंहभूम,
  • 13 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 5:56 PM IST

झारखंड के पश्चिम सिंहभूम में जंगली हाथी के हमले में एक गर्भवती महिला की मौत हो जाने से इलाके में दहशत का माहौल है. यह दर्दनाक घटना गुरुवार रात को कुइदा गांव में हुई, जहां हाथी की मौजूदगी की आशंका के बीच महिला घर से बाहर निकली थी.

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक मृतका की पहचान 30 साल की रानी बोइपाई के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार गांव के आसपास जंगली हाथियों की हलचल देखी जा रही थी, जिससे ग्रामीण पहले से ही सतर्क थे. इसी बीच रात के समय रानी बोइपाई को भी हाथी की गतिविधि का अंदेशा हुआ और वह स्थिति देखने के लिए घर से बाहर निकल गईं.

Advertisement

झारखंड में जंगली हाथी का कहर

पुलिस के मुताबिक जैसे ही वह घर से बाहर आईं, वहां मौजूद जंगली हाथी ने उन्हें देख लिया. हाथी ने अपनी सूंड से महिला को पकड़ लिया और फिर जमीन पर पटककर कुचल दिया. इस हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई.

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला की जान जा चुकी थी. घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल बन गया है. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से इलाके में जंगली हाथियों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे लोगों में डर बना हुआ है.

महिला को सूंड से पकड़कर कुचल डाला

इस मामले में गोइलकेरा थाना प्रभारी सुजीत कुमार ने बताया कि हाथी के हमले में महिला की मौत हुई है. उन्होंने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह वही हाथी है या नहीं जिसने जनवरी महीने में इलाके में करीब 22 लोगों की जान ली थी.

Advertisement

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement