झारखंड से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है. सोमवार रात सरायकेला-खरसावां जिले में एक बेटे ने अपने पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक, आरोपी अर्जुन नायक मनसा देवी की प्रतिमा के विसर्जन कार्यक्रम से घर की तरफ लौटा था.
घर पहुंचने के कुछ ही समय बाद मामूली घरेलू बात को लेकर अर्जुन और उसके पिता अशोक के बीच बहस शुरू हो गई, जो कि बाद में हाथापाई तक पहुंच गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अर्जुन ने अपने पिता अशोक पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी.
सीनी चौकी के प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि मामूली मुद्दे पर शुरू हुआ झगड़े ने तूल पकड़ लिया. आरोप है कि अर्जुन ने पहले अपने 58 वर्षीय पिता को डंडे से पीटा, इसके बाद उनपर धारदार हथियार से हमला कर दिया.
यह भी पढ़ें: पार्क में बैठे युवक पर चाकुओं से हमला, दिल्ली के सीलमपुर में खौफनाक वारदात
हमले के बाद मौके पर ही हुई मौत
जानकारी के मुताबिक, हमले के बाद अशोक की मौके पर ही मौत हो गई. चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े. वहां पहुंचने पर उन्होंने दिल दहला देने वाला मंजर देखा. अशोक खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़े थे.
पूरी घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस धातकीडीह गांव पहुंची और अशोक के शव को पोस्टमार्टम जांच के लिए भेज दिया. घटनास्थल पर कार्रवाई के बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई. जानकारी के मुताबिक, पिता और बेटे के बीच अक्सर मामूली बात पर बहस हुआ करती थी. फिलहाल वारदात के बाद आरोपी अर्जुन मौके से फरार है. अब पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आरोपी की तलाश में शुरू कर दी है.
aajtak.in