झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए गुरुवार को होने वाले चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. इस चुनावी मुकाबले में तीन उम्मीदवार मैदान में उतरे हैं. मतदान झारखंड विधानसभा परिसर में बने विशेष पोलिंग बूथ पर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा. निर्वाचन अधिकारी रंजीत कुमार ने बुधवार को बताया कि वोटिंग खत्म होने के तुरंत बाद रिपोर्ट भारत निर्वाचन आयोग को भेजी जाएगी. आयोग से मंजूरी मिलते ही, शाम 5 बजे के आसपास वोटों की गिनती शुरू कर दी जाएगी. मतदान शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
इन दो सीटों के लिए जेएमएम के बैद्यनाथ राम, कांग्रेस के प्रणव झा मैदान में हैं. वहीं विपक्षी दल बीजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवाणी उन्हें टक्कर दे रहे हैं. चुनाव जीतने के लिए हर उम्मीदवार को कम से कम 28 प्रथम वरीयता मतों की जरूरत होगी. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, जेएमएम के बैद्यनाथ राम की जीत तय मानी जा रही है, क्योंकि सत्ताधारी गठबंधन के पास पर्याप्त विधायक हैं. हालांकि, दूसरी सीट के लिए कांग्रेस के प्रणव झा, एनडीए समर्थित परिमल नाथवाणी के बीच मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है.
विधानसभा का पूरा समीकरण समझिए
झारखंड विधानसभा का पूरा गणित बहुत सीधा है. यहां सत्ताधारी इंडिया गठबंधन के पास कुल 56 विधायक हैं. इस खेमे में जेएमएम के 34, कांग्रेस के 16, आरजेडी के 4, सीपीआई (एमएल) लिबरेशन के 2 सदस्य शामिल हैं. बहुमत का यह आंकड़ा जीत के लिए बेहद मजबूत है.
दूसरी तरफ, विपक्षी एनडीए खेमे के पास केवल 24 विधायक हैं. इनमें अकेले बीजेपी के 21 विधायक हैं, जबकि एलजेपी, AJSU पार्टी और जेडीयू के पास एक-एक विधायक है. इसके अलावा, सदन में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का भी एक विधायक मौजूद है. एनडीए के पास संख्या बल काफी कम है, इसके बावजूद बीजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार के चुनाव मैदान में उतरने से पूरी सियासत गरमा गई है.
दोनों ही खेमों को क्रॉस वोटिंग का बड़ा डर सता रहा है, जिसके चलते विधायकों को एकजुट रखने की कोशिशें तेज हैं. एनडीए के विधायकों को मंगलवार को ही रांची के एक होटल में शिफ्ट कर दिया गया था. सत्ताधारी गठबंधन ने भी नए विधायकों को वोटिंग की प्रक्रिया समझाने के लिए मुख्यमंत्री आवास पर मॉक पोल कराया. कांग्रेस विधायक सुरेश बैठा ने दावा किया कि इंडिया ब्लॉक के सभी 56 विधायक एकजुट हैं, वे दोनों सीटें जीतेंगे. उधर, बीजेपी के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने भी अपने समर्थित उम्मीदवार की जीत का दावा ठोक है. बता दें कि एक सीट जेएमएम संस्थापक शिबू सोरेन के निधन से खाली हुई है, जबकि दूसरी भाजपा सदस्य दीपक प्रकाश का कार्यकाल 21 जून को पूरा होने के कारण रिक्त हुई है.
aajtak.in