झारखंड का मोस्ट वांटेड और कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा रविवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में मारा गया. यह एनकाउंटर जामताड़ा जिले में उस समय हुआ, जब पुलिस उसे साहिबगंज मंडल कारागार से धनबाद जेल ले जा रही थी. पुलिस के मुताबिक रास्ते में सुजीत सिन्हा ने भागने की कोशिश की और इसी दौरान मुठभेड़ हुई.
शुरुआती जानकारी के अनुसार, जामताड़ा सीमा के पास पहुंचने पर सुजीत सिन्हा ने शौच जाने की बात कही. पुलिस ने वाहन रोका तो उसने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी की राइफल छीन ली. इसके बाद अंधेरे का फायदा उठाकर वह भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सुजीत सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया. मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. पुलिस का कहना है कि मुठभेड़ से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है. सुजीत सिन्हा झारखंड के सबसे कुख्यात गैंगस्टरों में गिना जाता था. उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, अवैध वसूली और संगठित अपराध से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज थे.
लंबे समय से वह पुलिस की निगरानी में था और हाल ही में उसे साहिबगंज जेल से धनबाद जेल शिफ्ट किया जा रहा था. इसी दौरान उसने कथित तौर पर फरार होने की कोशिश की. पुलिस अब पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और मुठभेड़ से जुड़े सभी तथ्यों को खंगाल रही है.
सत्यजीत कुमार