झारखंड के गिरिडीह जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सदर अस्पताल परिसर स्थित शौचालय में एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की ने बच्चे को जन्म दिया. इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. अस्पताल प्रशासन, चिकित्सकों और पुलिस की तत्परता से नवजात को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. फिलहाल मां और बच्चे दोनों की हालत सामान्य बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सदर अस्पताल के वार्ड क्षेत्र के पास स्थित शौचालय से एक नाबालिग लड़की घबराई हुई अवस्था में बाहर निकलती दिखाई दी. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लड़की की हालत बेहद खराब थी और शौचालय के भीतर व बाहर खून फैला हुआ था. यह दृश्य देखकर लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई. इसी दौरान लड़की अस्पताल परिसर से बाहर निकलने की कोशिश करने लगी, लेकिन कुछ ही दूरी पर अचानक चक्कर खाकर बेहोश होकर गिर पड़ी.
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत अस्पताल प्रशासन को सूचना दी. सूचना मिलते ही अस्पताल कर्मी और नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची .जब शौचालय की जांच की गई तो अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए. नवजात बच्चा शौचालय के पेन में फंसा हुआ था. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों, अस्पताल कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद नवजात को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
पुलिस ने शुरू की जांच
इसके बाद तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर नाबालिग मां और नवजात बच्चे को इलाज के लिए मातृत्व शिशु अस्पताल चैताडीह भेजा गया. वहां दोनों को भर्ती कर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है. सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. प्रदीप बैठा ने बताया कि समय रहते दोनों को इलाज मिल गया, जिससे मां और बच्चे की जान बच गई. उन्होंने कहा कि फिलहाल दोनों की हालत स्थिर और सामान्य है.
वहीं नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है. नाबालिग की उम्र और पूरे घटनाक्रम को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जाएगी. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि नाबालिग इस स्थिति में कैसे पहुंची और उसके साथ कोई अपराध तो नहीं हुआ.
सत्यजीत कुमार