झारखंड में कोबरा बटालियन, चतरा और हजारीबाग पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान 15 लाख के इनामी माओवादी सब-जोनल कमांडर शाहदेव उर्फ सहदेव महतो समेत चार नक्सली को मार गिराया. इस ऑपरेशन के बाद पूरे इलाके में सर्च अभियान तेज कर दिया गया है. जानकारी के अनुसार, झारखंड पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि चतरा और हजारीबाग की सीमा पर नक्सलियों का एक दल सक्रिय है. इसी सूचना के आधार पर चतरा के पिपरवार और हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र के बटुका जंगल में सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर संयुक्त अभियान शुरू किया.
सुरक्षाबलों को देखते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी. इसके जवाब में पुलिस और कोबरा बटालियन के जवानों ने भी मोर्चा संभाला. दोनों तरफ से कई घंटों तक चली मुठभेड़ में चार नक्सली मौके पर ही ढेर हो गए. बताया जा रहा है कि कुछ अन्य नक्सली घायल होकर भाग निकले, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है.
नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर की फायरिंग
मारे गए नक्सलियों में 15 लाख रुपये का इनामी शाहदेव महतो, एरिया कमांडर बुधन करमाली, बुद्धदेव और एक महिला नक्सली नताशा शामिल हैं. नताशा हाल ही में छत्तीसगढ़ से झारखंड आई थी और संगठन को मजबूत करने में जुटी थी. हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है. मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने मौके से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है. बरामद हथियारों में दो AK-47 राइफल, एक इंसास राइफल और एक कोल्ट AR-15 अमेरिकन राइफल शामिल हैं. इसके अलावा बड़ी संख्या में कारतूस, नक्सली साहित्य और दैनिक उपयोग के सामान भी मिले हैं.
मुठभेड़ में 15 लाख रुपये का इनामी नक्सली ढेर
चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मुठभेड़ में सभी कौन-कौन नक्सली मारे गए हैं. जवानों से इनामी नक्सलियों के मारे जाने की सूचना मिली है और सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही पूरी जानकारी सामने आएगी.
इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता माना जा रहा है. सुरक्षा बल लगातार इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं ताकि किसी भी अन्य नक्सली की मौजूदगी को खत्म किया जा सके.
सत्यजीत कुमार / सुनील कश्यप