झारखंड के हजारीबाग जिले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने केंद्रीय वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन (CWC) के एक मैनेजर को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. सीबीआई ने 23 अप्रैल को इस मामले में केस दर्ज किया था. आरोप है कि आरोपी मैनेजर ने शिकायतकर्ता से दिए गए काम को जारी रखने की अनुमति देने के बदले 1 लाख रुपये की अवैध रकम की मांग की थी.
जांच के दौरान सीबीआई ने ट्रैप बिछाया और आरोपी को शिकायतकर्ता से 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते समय रंगे हाथ पकड़ लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी के आवासीय परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया गया. तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी, आभूषण और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए.
यह भी पढ़ें: चतरा-हजारीबाग बॉर्डर पर बड़ी मुठभेड़, 15 लाख का इनामी नक्सली शाहदेव महतो समेत 4 ढेर, AK-47 समेत भारी हथियार बरामद
सीबीआई के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपी के ठिकानों से 21 लाख रुपये नकद, भारी मात्रा में आभूषण, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं. इन बरामदगी को जांच में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
अदालत में पेशी और न्यायिक हिरासत
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को रांची की सक्षम अदालत में पेश किया गया. अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है.
सीबीआई ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और केंद्रीय वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. जांच एजेंसी इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
अंशुल सिंह