झारखंड में बोकारो जिले के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चाकुलिया पंचायत के रामडीटोला से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति ने ही अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. मायके जाने को लेकर शुरू हुआ घरेलू विवाद खून-खराबे में तब्दील हो गया और एक हंसता-खेलता परिवार पल भर में उजड़ गया.
मृतका सोनू देवी अपने 13 माह के मासूम बच्चे के साथ घर में सो रही थी. इसी दौरान, रविवार सुबह आरोपी पति विकास रजवार ने कुल्हाड़ी से वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि विकास रजवार तमिलनाडु में मजदूरी करता था और 10 दिन पहले ही गांव लौटा था.
इसी दौरान पत्नी की लगातार मायके जाने की जिद को लेकर दोनों के बीच बीती रात तीखी नोकझोंक हुई थी. इसके बाद रविवार सुबह, जब पत्नी गहरी नींद में थी, आरोपी ने वारदात को अंजाम दे दिया. घटना के बाद आरोपी ने खुद अपने पिता को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
पिंडाराजोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. वही मौके पर पहुंची पिंडाराजोरा थाना पुलिस से इस बावत सवाल पूछा गया तो कैमरे से परहेज करते नजर आए.
संजय कुमार