शोपियां में आतंकियों के सीक्रेट ठिकाने को सुरक्षा बलों ने किया ध्वस्त, मौके से भाग चुके थे आतंकी

जम्मू-कश्मीर के शोपियां में सुरक्षाबलों ने आतंकियों के सीक्रेट ठिकाने को ध्वस्त कर दिया. खुफिया इनपुट मिलने के बाद जवानों ने इलाकों की घेराबंदी कर जांच की और उनके हाइड आउट का पता लगा कर उसे खत्म कर दिया. हालांकि आतंकियों को इसकी भनक लग गई थी इसलिए वो सारा सामान वहीं छोड़कर मौके से पहले ही फरार हो गए थे.

Advertisement
यह सांकेतिक तस्वीर है यह सांकेतिक तस्वीर है

मीर फरीद / अशरफ वानी

  • श्रीनगर,
  • 17 नवंबर 2024,
  • अपडेटेड 9:04 PM IST

जम्मू-कश्मीर के शोपियां में सुरक्षा बलों ने रविवार को केलर वन क्षेत्र में आतंकियों के एक सीक्रेट ठिकाने को खोज कर उसे नष्ट कर दिया. यह कार्रवाई एक विशेष खुफिया सूचना के आधार पर घेराबंदी और तलाशी अभियान (कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन) के दौरान की गई.

रिपोर्ट के मुताबिक सुरक्षा बलों ने अभियान के दौरान जंगल के भीतर एक गुप्त ठिकाने का पता लगाया, जहां से कुछ बर्तन और दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद हुईं. हालांकि, आतंकवादी वहां से पहले ही भागने में सफल रहे.

Advertisement

सीक्रेट ठिकाने को किया ध्वस्त

अधिकारियों के अनुसार, ऑपरेशन रविवार सुबह शुरू किया गया था. खुफिया सूचना मिली थी कि इलाके में आतंकवादियों ने अपना ठिकाना बना रखा है. जब सुरक्षाबलों ने क्षेत्र की गहन तलाशी ली, तो जंगल के अंदर छिपा यह ठिकाना सामने आया.

ठिकाने को नष्ट करने के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को पूरी तरह से घेर लिया और तलाशी अभियान जारी रखा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अन्य संदिग्ध तत्व वहां मौजूद न हो. सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि बरामद सामग्री से यह साफ है कि ठिकाना आतंकवादियों के रहने और उनकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था.

अधिकारियों ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य इलाके में सक्रिय आतंकवादी तत्वों को कमजोर करना और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. गौरतलब है कि शोपियां जिला कश्मीर घाटी में आतंकवाद से प्रभावित क्षेत्रों में से एक है. 

Advertisement

इस तरह की कार्रवाई आतंकवादी संगठनों की गतिविधियों को नियंत्रित करने और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के प्रयासों का हिस्सा है. सुरक्षा बलों ने स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वो किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें, ताकि क्षेत्र को आतंकवाद मुक्त बनाया जा सके.


 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »