केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए जवान कबीर दास को पुष्पांजलि अर्पित की. इस दौरान सभी ने कहा, उन्होंने साहस और बहादुरी के साथ लड़ते हुए अपने प्राणों की आहुति दी. हम उनकी शहादत को सलाम करते हैं. इसके बाद शहीद के पार्थिव शरीर को मध्य प्रदेश में उनके पैतृक निवास पर भेजा गया.
दरअसल, मंगलवार देर रात कठुआ जिले के एक गांव में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षाबलों का ऑपरेशन शुरू हुआ था. इस जिले के हीरानगर सेक्टर के सैदा सुखल गांव पर मंगलवार शाम आतंकवादियों ने हमला किया था. सुरक्षाबलों के ऑपरेशन में सीआरपीएफ का जवान कबीर दास शहीद हो गए.
ये भी पढ़ें- कठुआ में एक आतंकी ढेर, हमला करके जंगल की तरफ भागे थे तीन दहशतगर्द
'अधिकारी बाल-बाल बचे'
आतंकियों की गोलीबारी में जम्मू कश्मीर के डीआईजी रैंक और एसएसपी रैंक के दो अधिकारियों की कार भी जद में आ गई थी. इस हमले में ये अधिकारी बाल-बाल बच गए थे.
ये भी पढ़ें-
'जवान अगले सप्ताह छुट्टी पर अपने घर जाने वाला था'
अधिकारियों ने बताया कि कठुआ में एक पुष्पांजलि समारोह में सीआरपीएफ और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने सीआरपीएफ जवान कबीर दास को अंतिम श्रद्धांजलि दी. पार्थिव शरीर को मध्य प्रदेश में उनके पैतृक स्थान भेजा जा रहा है. जवान अगले सप्ताह छुट्टी पर अपने घर जाने वाला था.
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ने कही ये बात
जवान को श्रद्धांजलि देते हुए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आनंद जैन ने कहा कि उनके सहयोगी ने मुठभेड़ में अपने प्राण न्यौछावर कर दिए और शहीद हो गए. जैन ने कहा, "उन्होंने साहस और बहादुरी के साथ लड़ते हुए अपने प्राणों की आहुति दी. हम उनकी शहादत को सलाम करते हैं."
aajtak.in