धौलाधार की वादियों में सजेगा क्रिकेट का महासंग्राम, भारत-अफगानिस्तान वनडे के लिए धर्मशाला तैयार, जानें क्या है खास

धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में 13 जून को भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले वनडे मुकाबले को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. जिला प्रशासन ने सुरक्षा, ट्रैफिक और मेडिकल इमरजेंसी को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं. दोनों टीमें धर्मशाला पहुंच चुकी हैं और मैच से पहले मैदान पर जमकर अभ्यास कर रही हैं.

Advertisement
पैराग्लाइडिंग पर रोक, हवाई गतिविधियों पर अस्थायी प्रतिबंध.  (Photo: Screengrab) पैराग्लाइडिंग पर रोक, हवाई गतिविधियों पर अस्थायी प्रतिबंध. (Photo: Screengrab)

पूजा शर्मा

  • धर्मशाला,
  • 12 जून 2026,
  • अपडेटेड 5:08 PM IST

आईपीएल के रोमांचक मुकाबलों की सफल मेजबानी के बाद अब हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ के खूबसूरत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में एक बार फिर क्रिकेट का उत्साह चरम पर पहुंचने वाला है. धौलाधार पर्वत श्रृंखला की मनमोहक वादियों के बीच स्थित विश्व प्रसिद्ध स्टेडियम 13 जून को भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की मेजबानी करेगा.

इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रहे हैं. मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और किसी भी मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं. प्रशासन का कहना है कि दर्शकों की भारी भीड़ को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है.

Advertisement

जिला प्रशासन और पुलिस ने कसी कमर

जिला प्रशासन के अनुसार कानून व्यवस्था बनाए रखने और यातायात को सुचारू रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा. इसके अलावा अतिरिक्त सुरक्षा बलों की भी व्यवस्था की गई है. स्टेडियम और उसके आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया गया है ताकि मैच के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो.

किसी भी मेडिकल आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष चिकित्सा टीमों का गठन किया गया है. वहीं आपदा प्रबंधन विभाग सहित अन्य संबंधित एजेंसियों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है. प्रशासन का उद्देश्य है कि मैच के दौरान खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े.

उधर आगामी वनडे श्रृंखला के पहले मुकाबले के लिए भारतीय क्रिकेट टीम और अफगानिस्तान की टीम धर्मशाला पहुंच चुकी हैं. दोनों टीमें मैच से पहले मैदान पर जमकर अभ्यास कर रही हैं और जीत के इरादे से पसीना बहा रही हैं. क्रिकेट प्रेमियों में भी इस मुकाबले को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है.

Advertisement

एडीएम कांगड़ा शिल्पी बेक्टा ने बताया कि एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुरोध पर 13 जून को पैराग्लाइडिंग और अन्य हवाई गतिविधियों पर अस्थायी रोक लगाने के आदेश जारी किए गए हैं. उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में दर्शकों और वाहनों के स्टेडियम पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा.

क्रिकेट प्रेमियों में मुकाबले को लेकर बढ़ा उत्साह

उन्होंने बताया कि धर्मशाला और शहीद स्मारक की ओर जाने वाले मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा.। साथ ही लोगों से सहयोग की अपील की गई है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अनधिकृत स्थानों पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

एडीएम शिल्पी बेक्टा ने कहा कि प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. इसके अलावा जिला प्रशासन ने एचपीसीए के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया है. अब सभी की निगाहें 13 जून को होने वाले इस रोमांचक मुकाबले पर टिकी हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »