मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घोषणा की है कि प्रदेश में अगले महीने से मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना शुरू की जाएगी. इस योजना के तहत गरीब परिवारों की पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी. इसके अलावा पात्र परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली तथा स्वास्थ्य बीमा कार्ड के माध्यम से निःशुल्क चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी.
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को चंबा के भटियात विधानसभा क्षेत्र के चुवाड़ी चौगान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए यह घोषणा की. उन्होंने बताया कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी की उपस्थिति में सोलन से इस योजना का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और आम परिवारों को आर्थिक राहत प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है.
उन्होंने बताया कि भटियात विधानसभा क्षेत्र की लगभग 20 हजार पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जबकि 10 हजार परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा प्रदान की जाएगी. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए विभिन्न योजनाएं शुरू की हैं. कांग्रेस की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में सरकार लगातार आगे बढ़ रही है.
1.80 लाख परिवारों को मिलेगी मुफ्त बिजली
इस योजना के तहत पात्र परिवारों की पहचान के लिए पंचायत स्तर पर सर्वेक्षण करवाया गया है. प्रदेश में लगभग 1.80 लाख परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा के लिए चिह्नित किया गया है. वहीं, करीब 2.50 लाख महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता देने की तैयारी है. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि महिलाओं को दी जाने वाली आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी तथा पात्र परिवारों को बिजली बिलों में राहत प्रदान की जाएगी.
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार अपनी गारंटियों को पूरा करने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है.भाजपा द्वारा इस योजना को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 75 हजार रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाओं को 1,500 रुपये देने का वादा किया था और सरकार इसे लागू करने की दिशा में कार्य कर रही है.
चुवाड़ी में खुलेगा सिविल कोर्ट
मुख्यमंत्री ने चंबा के भटियात क्षेत्र की जनता की मांग को स्वीकार करते हुए चुवाड़ी में सिविल कोर्ट खोलने की घोषणा भी की. इससे क्षेत्र के लोगों को न्यायिक कार्यों के लिए दूसरे स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा. इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने चुवाड़ी-चंबा सुरंग की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए 4.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जाने की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि डीपीआर तैयार होने के बाद आगामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और आम जनता के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है. उन्होंने क्षेत्र के विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई.
विशाल आनंद