दुल्हन की विदाई में तस्वीरें खींच रहे फोटोग्राफर को कार ने उड़ाया, सामने आया हादसे का दर्दनाक VIDEO

सिरसा में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब विदाई के दौरान फोटो खींच रहे युवक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना का वीडियो भी सामने आया है. पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि परिवार गहरे सदमे में है.  

Advertisement
दुल्हन की विदाई में तस्वीरें खींच रहे फोटोग्राफर को कार ने उड़ाया (Photo: itg) दुल्हन की विदाई में तस्वीरें खींच रहे फोटोग्राफर को कार ने उड़ाया (Photo: itg)

बलजीत सिंह

  • सिरसा,
  • 23 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 2:28 PM IST

हरियाणा के सिरसा में एक शादी समारोह के दौरान खुशियों का माहौल उस वक्त मातम में बदल गया, जब दुल्हन की विदाई के समय एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवा फोटोग्राफर की जान चली गई. कैमरे में खुशियों के पल कैद कर रहा युवक खुद हमेशा के लिए खामोश हो गया.

यह हादसा सिरसा के हिसार रोड स्थित एक निजी पैलेस के बाहर हुआ, जहां रात में शादी समारोह आयोजित किया गया था. बुधवार सुबह जब दुल्हन की विदाई हो रही थी, उसी दौरान 25 साल के फोटोग्राफर मलकीत सिंह उर्फ अजय वीडियो शूट करने में व्यस्त थे. वह विदाई के भावुक पलों को कैमरे में कैद करने के लिए सड़क के बीच तक चले गए.

Advertisement

इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सौ फीट तक हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरा. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला.

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान सिरसा के गांव अभोली निवासी मलकीत सिंह के रूप में हुई है, जो अपने भाई के साथ मिलकर शादी समारोह में फोटोग्राफी का काम कर रहा था.

मृतक के भाई विष्णु ने बताया कि उसका भाई विदाई वाली कार का वीडियो बना रहा था, तभी पीछे से आई बेकाबू कार ने उसे टक्कर मार दी. हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे उसकी जान नहीं बच सकी.

Advertisement

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक तथा वाहन को कब्जे में ले लिया. चालक फतेहाबाद का रहने वाला बताया जा रहा है. शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया गया है और आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

 

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement