'पागल कहा तो बोली तेरी शिकायत करूंगी, डरकर मासूम को ऊपर ले गया छात्र, फिर किया अटैक', बच्ची के चाचा ने खोला पंचकूला स्कूल हमले का राज

Panchkula School Attack Incident: पंचकूला स्कूल हमले में बच्ची के चाचा ने दावा किया कि शिकायत की बात सुनकर आरोपी छात्र डर गया था और पिता से मिलवाने के बहाने बच्ची को ऊपर ले गया. इस बीच पीड़िता की हालत में सुधार हुआ है.

Advertisement
होश में आते ही बच्ची ने बताई पत्थर से मारने की बात.(Photo:Screengrab) होश में आते ही बच्ची ने बताई पत्थर से मारने की बात.(Photo:Screengrab)

aajtak.in

  • पंचकूला (हरियाणा),
  • 03 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 7:44 AM IST

पंचकूला के स्कूल में मासूम बच्ची पर हुए हमले को लेकर उसके चाचा ने नया खुलासा किया है. उनका कहना है कि पहले बच्ची ने आरोपी छात्र को 'पागल' कहा था. इसके बाद जब बच्ची ने उसकी शिकायत करने की बात कही तो वह डर गया. फिर पिता से मिलवाने के बहाने बच्ची को ऊपर ले गया और वहां उस पर हमला कर दिया. इस बीच जिंदगी और मौत से जूझने के बाद बच्ची की हालत में सुधार हुआ है. चंडीगढ़ पीजीआई से सामने आए वीडियो में वह मां की गोद में मुस्कुराती नजर आ रही है.

Advertisement

बच्ची के चाचा के मुताबिक, घटना से पहले बच्ची ने आरोपी छात्र को 'पागल' कहा था. इस पर बच्ची ने जब उसकी शिकायत करने की बात कही तो वह डर गया. इसके बाद उसने बच्ची से कहा कि उसके पिता ऊपर हैं और वह उसे उनसे मिलवाने ले जा रहा है.

दावा है कि इसी बहाने आरोपी बच्चा बच्ची को ऊपर ले गया और फिर वारदात को अंजाम दिया. चाचा ने यह भी बताया कि पहले जानकारी मिली थी कि आरोपी बच्चा PUBG और कुछ दूसरे गेम खेलता था. हालांकि, गेम खेलने और हमले के बीच किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

मौत को मात देकर फिर मुस्कुराई मासूम

पंचकूला स्कूल हमले में गंभीर रूप से घायल हुई बच्ची की हालत में अब सुधार हो रहा है. चंडीगढ़ पीजीआई से सामने आए नए वीडियो में वह अपनी मां की गोद में बैठी मुस्कुराती दिखाई दे रही है. बच्ची ने अपने चाचा से वीडियो कॉल पर भी बात की.

Advertisement

चाचा को देखकर बच्ची के चेहरे पर मुस्कान लौट आई. बताया कि उसकी हालत पहले से काफी बेहतर है. उन्होंने भावुक होकर कहा कि बच्ची को मानो दूसरा जन्म मिला है. वह उसे शेरनी बताते हुए कहते हैं कि उसने जिंदगी की कठिन लड़ाई लड़ी है.

परिवार के मुताबिक, अमेरिका और अरब देशों सहित कई जगहों से लोग बच्ची की सलामती के लिए संदेश भेज रहे हैं. घटना के बाद से ही देश-विदेश में लोग उसके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे थे.

होश में आने पर मां को बताई पत्थर से मारने की बात

चाचा के मुताबिक, होश में आने के बाद बच्ची ने अपनी मां को बताया कि उसे पत्थर से मारा गया था. परिवार का कहना है कि बच्ची की मानसिक स्थिति को देखते हुए फिलहाल उससे घटना के बारे में ज्यादा बात नहीं की जा रही है.

परिजन उसे समझा रहे हैं कि वह बीमार है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है. परिवार की कोशिश है कि बच्ची किसी तरह के मानसिक तनाव में न आए और जल्द पूरी तरह स्वस्थ हो सके.

28 अक्टूबर को स्कूल में हुआ था हमला

यह घटना 28 अक्टूबर को पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित एक स्कूल में हुई थी. यहां KG में पढ़ने वाली मासूम छात्रा पर उसी स्कूल में पढ़ने वाले तीसरी कक्षा के एक छात्र ने हमला कर दिया था.

Advertisement

बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई थी. पहले उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया. घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया था, जिसके बाद मामला देशभर में चर्चा में आ गया.

आरोपी छात्र ऑब्जर्वेशन होम में, काउंसलिंग जारी

इस मामले में पुलिस ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जेजे एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. स्कूल के प्रिंसिपल, क्लास इंचार्ज और चौकीदार के खिलाफ भी FIR दर्ज की गई है.

हमला करने वाले 8 वर्षीय छात्र के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम (JJ Act) के तहत कार्रवाई की गई है. कम उम्र के कारण उसे अंबाला स्थित ऑब्जर्वेशन होम भेजा गया है, जहां उसकी काउंसलिंग की जा रही है.

हरियाणा मानवाधिकार आयोग और हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी मामले का संज्ञान लिया है और संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है.

प्रिंसिपल और दो टीचर सस्पेंड

हरियाणा शिक्षा विभाग की ओर से गठित कमेटी मामले की जांच कर रही है. अब तक स्कूल के प्रिंसिपल और दो JBT शिक्षिकाओं को सस्पेंड किया जा चुका है.

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा है कि लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने बताया कि उच्च अधिकारियों की निगरानी में जांच जारी है. अंतिम रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

जल्द घर लौटने की उम्मीद

बच्ची की हालत में सुधार के बाद परिजनों को उम्मीद है कि उसे जल्द अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है. परिवार उसकी घर वापसी पर स्वागत की तैयारी कर रहा है.

फिलहाल परिवार की सबसे बड़ी प्राथमिकता बच्ची का पूरी तरह स्वस्थ होना है. उसकी मुस्कुराती तस्वीर और वीडियो ने उन लोगों को भी राहत दी है, जो कई दिनों से उसकी सलामती की दुआ कर रहे थे. (रिपोर्ट: उमंग श्योराण)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »