हरियाणा के पलवल जिले में एक नवविवाहित दंपती द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. दोनों के शव एक ही कमरे में छत से फंदे पर लटके हुए मिले. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, जब सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिवार के लोगों को शक हुआ. उन्होंने आवाज लगाकर और दरवाजा खटखटाकर खोलने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद किसी तरह दरवाजा खोला गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए.
कमरे में फंदे से लटके मिले दंपती के शव
कमरे के अंदर पति-पत्नी दोनों फंदे से लटके हुए थे. परिवार के मुताबिक दोनों ने बेड पर चढ़कर आत्महत्या की. दोनों के शवों के बीच करीब तीन फुट की दूरी थी. बेड पर एक कुर्सी भी रखी हुई थी, जिससे माना जा रहा है कि दोनों ने उसी पर चढ़कर फांसी लगाई.
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. मृतकों की पहचान 25 वर्षीय हंसराज और उसकी पत्नी प्रीति के रूप में हुई है. हंसराज पलवल जिले के गांव घरोंट का रहने वाला था, जबकि उसकी पत्नी प्रीति राजस्थान के अलवर जिले के खोर गांव की रहने वाली थी.
सुबह दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को हुआ शक
पुलिस के अनुसार दोनों की शादी करीब एक साल पहले हुई थी. हंसराज एक निजी कंपनी में काम करता था और प्रीति गृहिणी थी. परिवार के लोगों ने बताया कि दोनों बुधवार रात खाना खाकर अपने कमरे में सोने चले गए थे. गुरुवार सुबह जब दरवाजा नहीं खुला तो यह घटना सामने आई.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
ग्रामीणों के मुताबिक हंसराज पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी. उसका बड़ा भाई विकलांग है और माता-पिता भी शारीरिक रूप से असमर्थ हैं. ऐसे में घर की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी. फिलहाल पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)
सचिन गौड़