हरियाणा के गुरुग्राम में अवैध रूप से रह रहे 13 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने गुरुवार को बताया कि एक स्पेशल एस्कॉर्ट टीम अवैध रूप से 13 बांग्लादेशी नागरिकों को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है. इन सभी को उन्हें संबंधित अधिकारियों को सौंपने के लिए पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती शहर मालदा भेज दिया है, जहां से उन्हें भारत-बांग्लादेश सीमा पर संबंधित अधिकारियों को सौंपा जाएगा.
अधिकारियों ने बताया कि इन लोगों की पहचान गुरुग्राम पुलिस के सेक्टर-39 क्राइम ब्रांच ने अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष वेरिफिकेशन अभियान के दौरान की गई है.
अधिकारियों ने आगे बताया कि जिन लोगों के पास संदिग्ध डॉक्यूमेंट्स मिले या जो भारत में कानूनी रूप से रहने का वैध प्रमाण नहीं दे पाए, उनके खिलाफ कानून के प्रावधानों के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही इन 13 कथित प्रवासियों को डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस के अनुसार, इस प्रक्रिया को सुरक्षित रूप से पूरा करने के लिए सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं.
ACP (क्राइम) नवीन शर्मा ने कहा, 'पुलिस विभाग इस वक्त पूरे जिले के स्लम एरिया, कॉलोनियों, किराए के मकानों, औद्योगिक क्षेत्रों, होटलों और अन्य जगहों पर रहने वाले लोगों के डॉक्यूमेंट्स और पहचान की गहन जांच कर रही है.'
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम पुलिस डिपोर्टेशन की पूरी प्रक्रिया को लागू कानूनों, तय प्रक्रियाओं और सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार सख्ती से पूरा कर रही है. एक इंस्पेक्टर की देखरेख में 23 पुलिसकर्मियों की एक एस्कॉर्ट टीम तैनात की गई है. ये टीम 16 जुलाई को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली-मालदा टाउन एक्सप्रेस में सभी 13 बांग्लादेशी नागरिकों के साथ गई. एस्कॉर्ट टीम इन विदेशी नागरिकों को सुरक्षित रूप से पश्चिम बंगाल के मालदा शहर ले जाएगी, जहां उन्हें तय प्रक्रिया के अनुसार, डिपोर्टेशन के लिए भारत-बांग्लादेश सीमा पर संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा.
पुलिस ने आम जनता और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (RWAs) से इस अभियान में पूरा सहयोग देने की अपील की है. नागरिकों से कहा गया है कि वे अपने किरायेदारों, घरेलू सहायकों और कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन जरूर करवाएं. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि इस अभियान के दौरान किसी भी निर्दोष व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाएगा.
aajtak.in