हरियाणा के फरीदाबाद के फतेहपुर बिल्लौच में दहशत फैलाने के लिए युवक पर हथौड़ों से हमला करने वाले दो आरोपियों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गंजा कर उसी घटनास्थल पर ले जाकर उनकी शिनाख्त परेड कराई, जहां वारदात को अंजाम दिया गया था. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था.
पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश तेज की गई. थाना सदर प्रभारी सुमेर ने बताया कि वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.
यह भी पढ़ें: फरीदाबाद : ऑनलाइन गेम में फिर ले ली मासूम की जान, गेमिंग लत पहचानें और ऐसे करें दूर
पुलिस के अनुसार, यह घटना 26 अप्रैल की सुबह की है, जब हमलावरों ने एक युवक पर हथौड़ों से ताबड़तोड़ हमला किया था. इस हमले में युवक के दोनों पांव और हाथ गंभीर रूप से घायल हो गए थे. घायल को फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज अभी भी जारी है.
छेड़छाड़ का विरोध बना हमले की वजह
मामले में जानकारी देते हुए सदर बल्लभगढ़ थाना प्रभारी सुमेर और क्राइम ब्रांच इंचार्ज जोगिंदर सिंह ने बताया कि जिस मनीष नामक युवक पर हमला हुआ, उसकी बहन के साथ आरोपी छेड़छाड़ करते थे. जब पीड़ित परिवार ने इसका विरोध किया और आरोपियों के घर जाकर शिकायत की, तो बदमाशों ने गुस्से में आकर हमला करने की योजना बनाई.
बताया गया कि 26 अप्रैल को आरोपियों ने रास्ते में घेरकर मनीष पर हथौड़ों से हमला कर दिया. इस दौरान आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया और वारदात का वीडियो भी सामने आया.
दहशत फैलाने के इरादे से किया हमला
पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने हथौड़े से हमला कर इलाके में अपनी दहशत फैलाने की कोशिश की थी. घटना के बाद पीड़ित की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों अभिषेक और गौरव को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
सचिन गौड़