दिल्ली में बुधवार को कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों से कथित धक्का-मुक्की और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में कांग्रेस के कई नेताओं और प्रदर्शन में शामिल पार्टी कार्यकर्ताओं को भी आरोपी बनाया गया है. आरोप है कि उनके प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की की गई. सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर दावे किए जा रहे हैं. अब कांग्रेस के नेता उनके बचाव में आ गए हैं.
FIR दर्ज होने के बाद कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने राहुल गांधी का बचाव किया है. महिला पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की के आरोपों पर उन्होंने कहा कि वीडियो को दूसरे एंगल से देखने की जरूरत है. इमरान मसूद के मुताबिक, राहुल गांधी कांग्रेस की एक महिला कार्यकर्ता को बचाने की कोशिश कर रहे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान सांसदों के खिलाफ पुलिस ने बल का इस्तेमाल किया और उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई.
यह भी पढ़ें: राहुल-प्रियंका पर FIR, प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ धक्का-मुक्की के आरोप
विपक्ष को निशाना बनाने की एक और कोशिश- नासिल हुसैन
कांग्रेस सांसद नासिर हुसैन ने FIR को लेकर बीजेपी सरकार पर विपक्ष को निशाना बनाने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ पुलिसकर्मियों से कथित मारपीट के आरोप में FIR दर्ज करना विपक्ष को निशाना बनाने की एक और कोशिश है.
नासिर हुसैन ने कहा कि विपक्षी सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में लोगों के लिए, लोकतंत्र के लिए और चुनावी प्रक्रिया में हर नागरिक की आवाज और हर वोट की सुरक्षा के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि FIR से कांग्रेस डरने वाली नहीं है और पार्टी लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए आवाज उठाती रहेगी.
इमरान मसूद ने गुरुवार के प्रदर्शन को लेकर यह भी कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन के बीच खाना खाने जाएंगे. उन्होंने बताया कि कनॉट प्लेस के पास अच्छे रेस्टोरेंट हैं और प्रदर्शन के लिए ऊर्जा बनाए रखने के लिए खाना भी जरूरी है. समाजवादी पार्टी के प्रदर्शन में शामिल नहीं होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने साफ किया है कि लंच और प्रदर्शन का सिलसिला जारी रहेगा और समाजवादी पार्टी उनके साथ है.
यह भी पढ़ें: परसों आकाशवाणी, कल जंतर-मंतर… आज कहां सरप्राइज देंगे राहुल गांधी? खड़गे ने फिर लंच पर सांसदों को बुलाया
दिल्ली पुलिस ने 90 से ज्यादा को किया डिटेन
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, बुधवार को हुए प्रदर्शन के दौरान कुल 91 लोगों को हिरासत में लिया गया था. इनमें कई सांसद और कांग्रेस के नेता भी शामिल थे. राहुल गांधी ने बुधवार को इंडिया ब्लॉक के नेताओं के साथ सड़क पर प्रदर्शन का नेतृत्व किया था. प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने राहुल गांधी और कई सांसदों को हिरासत में लिया.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बुधवार को प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं को लेकर FIR दर्ज की गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रदर्शन में शामिल लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है. FIR में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के अलावा कांग्रेस के कई नेता और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हैं.
अमित भारद्वाज / नागार्जुन