नए साल की शाम दिल्ली में ट्रिपल मर्डर, ताबड़तोड़ चाकूबाजी में तीन लोगों की मौत

नए साल की शाम दिल्ली में ताबड़तोड़ चाकूबाजी की तीन घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई. लाल बाग में शोर मचाने से रोकने पर दर्जी की हत्या हुई, मंगोलपुरी में ई-रिक्शा चालक और सुल्तानपुरी में 15 साल के नाबालिग को चाकू मार दिया गया. पुलिस ने कई आरोपियों को हिरासत में लिया है. छह आरोपियों को पकड़ा गया है, जिनमें चार नाबालिग हैं.

Advertisement
दिल्ली में एक ही दिन तीन लोगों की हत्या से मची सनसनी  (Photo: Representational ) दिल्ली में एक ही दिन तीन लोगों की हत्या से मची सनसनी (Photo: Representational )

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 02 जनवरी 2026,
  • अपडेटेड 8:50 PM IST

नए साल की शाम राजधानी नई दिल्ली में हिंसा की घटनाओं ने जश्न को मातम में बदल दिया. गुरुवार शाम से रात तक अलग-अलग इलाकों में लगभग एक के बाद एक चाकूबाजी की तीन घटनाएं सामने आईं, जिनमें तीन लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने अलग-अलग मामलों में आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि कुछ की तलाश जारी है.

Advertisement

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक पहली घटना उत्तर-पश्चिम दिल्ली के लाल बाग इलाके की है. यहां 50 साल के बिहारी लाल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पेशे से दर्जी बिहारी लाल शास्त्री नगर से काम कर घर लौटे थे. आरोप है कि घर के पास कुछ नाबालिग तेज आवाज में गाना बजा रहे थे और हंगामा कर रहे थे. जब बिहारी लाल ने उन्हें शोर मचाने से रोका तो कहासुनी हो गई. 

लाउड म्यूजिक पर टोका तो दर्जी की चाकू मारकर हत्या

इसी दौरान एक नाबालिग ने चाकू से हमला कर दिया और दूसरे ने लात-घूंसे मारे. गंभीर रूप से घायल बिहारी लाल को बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने एक नाबालिग को पकड़ लिया है और हथियार बरामद कर लिया गया है. बाकी आरोपियों की तलाश जारी है.

Advertisement

परिजनों और पड़ोसियों ने आरोप लगाया कि हमलावर युवक इलाके में पहले से उपद्रव मचाने के लिए बदनाम थे और पुलिस से शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.

कुछ ही घंटों बाद बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में दूसरी घटना सामने आई. यहां ई-रिक्शा चालक विकास (20) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस के मुताबिक, विकास और उसका दोस्त संदीप बैठे थे, तभी कुछ युवकों से उनका झगड़ा हो गया. 

मंगोलपुरी और सुल्तानपुरी में भी चाकूबाजी, तीन की मौत

झगड़े के दौरान एक आरोपी ने विकास पर चाकू से वार किया. दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां विकास को मृत घोषित कर दिया गया. इस मामले में छह आरोपियों को पकड़ा गया है, जिनमें चार नाबालिग हैं.

तीसरी घटना उसी रात सुल्तानपुरी इलाके में हुई, जहां 15 साल के लड़के की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में विक्रम नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिस पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. 

पूछताछ में उसने बताया कि वारदात के समय उसके साथ दो अन्य लोग भी थे, जिनकी तलाश की जा रही है. मृतक की मां ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को पहले भी धमकियां दी गई थीं, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की.

Advertisement

लगातार हुई इन घटनाओं ने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »