'CJP के प्रोटेस्ट से हमारी रोजी-रोटी छिन रही...', खान मार्केट के व्यापारी सुप्रीम कोर्ट पहुंचे, LG को भी चिट्ठी

कनॉट प्लेस, पालिका बाजार, जनपथ और खान मार्केट के व्यापारी संगठनों ने जंतर-मंतर को नियमित प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाने के लिए उपराज्यपाल को चिट्ठी लिखी, जबकि खान मार्केट एसोसिएशन सुप्रीम कोर्ट पहुंचा. दोनों कदमों में सुरक्षा, आवाजाही, आजीविका और कारोबार पर असर का मुद्दा उठाते हुए वैकल्पिक खुले मैदान की मांग की गई है.

Advertisement
दिवाली से पहले व्यापारियों की मांग है कि बाजार तक लोगों को पहुंचने में परेशानी न हो. (Photo- PTI) दिवाली से पहले व्यापारियों की मांग है कि बाजार तक लोगों को पहुंचने में परेशानी न हो. (Photo- PTI)

ऐश्वर्या पालीवाल / अरविंद ओझा / अनीषा माथुर

  • नई दिल्ली,
  • 16 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 12:30 PM IST

जंतर-मंतर को नियमित प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाने की मांग तेज हो गई है. कनॉट प्लेस, पालिका बाजार, जनपथ और खान मार्केट के व्यापारी संगठनों ने दिल्ली के उपराज्यपाल को संयुक्त चिट्ठी लिखी है. वहीं, खान मार्केट एसोसिएशन ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है. इनके अलावा किराना कमेटी भी सुप्रीम कोर्ट पहुंची है और उनकी याचिका पर सुनवाई भी हुई है.

Advertisement

खान मार्केट एसोसिएशन ने अपनी याचिका में कहा है कि प्रदर्शनों के कारण लोगों की आजीविका प्रभावित हो रही है. व्यापारी संगठनों ने भी प्रदर्शनों से कारोबार, सुरक्षा और आम लोगों की आवाजाही पर असर पड़ने का मुद्दा उठाया है. उन्होंने जंतर-मंतर के बजाय किसी बड़े और खुले मैदान को प्रदर्शन स्थल बनाने की मांग की है.

यह भी पढ़ें: जेल, NO बेल... जंतर मंतर पर प्रोटेस्ट करने वालों का अब लगेगा 'लीगल चक्कर'!

व्यापारियों ने उपराज्यपाल को लिखी चिट्ठी में कहा है कि जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शनों के दौरान बैरिकेडिंग, सड़कें बंद होने और यातायात का रास्ता बदले जाने से आसपास के बाजारों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है. इससे आम लोगों की आवाजाही भी प्रभावित होती है.

(Photo- PTI)

चिट्ठी में सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई है. इसमें कहा गया है कि भीड़ में भगदड़, आग लगने या किसी दूसरी आपात स्थिति में लोगों की जान को खतरा हो सकता है. एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियों को रास्ता मिलने में भी परेशानी हो सकती है.

Advertisement

प्रदर्शनों की वजह से बाजार नहीं पहुंच पाते हैं ग्राहक

व्यापारियों के मुताबिक, प्रदर्शनों के कारण ग्राहक बाजार तक नहीं पहुंच पाते हैं. इससे दुकानों, होटलों और रेस्टोरेंट का कारोबार प्रभावित होता है. सामान पहुंचाने और कर्मचारियों के आने-जाने में भी दिक्कत होती है.

चिट्ठी में जुलाई 2026 में कॉकरोच जनता पार्टी, सीजेपी, के प्रदर्शनों और 10 अक्टूबर 2026 को हुए विरोध प्रदर्शनों का जिक्र किया गया है. व्यापारी संगठनों ने इन प्रदर्शनों के दौरान बाजारों में हुई परेशानियों का हवाला दिया है.

चिट्ठी में बताया गया है कि 23 जुलाई 2026 को कनॉट प्लेस के कारोबारियों को शाम 6:30 बजे तक दुकानें और दूसरे प्रतिष्ठान बंद करने की सलाह दी गई थी. व्यापारियों का दावा है कि इससे उनके कारोबार पर असर पड़ा.

(Photo- PTI)

व्यापारियों ने साफ किया है कि वे शांतिपूर्ण प्रदर्शन और लोगों के अपनी बात रखने के अधिकार के खिलाफ नहीं हैं. उनका कहना है कि प्रदर्शन के अधिकार को लोगों की सुरक्षा, आने-जाने की सुविधा और कारोबार करने के अधिकार के साथ संतुलित किया जाना चाहिए.

व्यापारी संगठनों ने जंतर-मंतर के बजाय किसी बड़े और खुले मैदान को प्रदर्शन स्थल बनाने का सुझाव दिया है. चिट्ठी में रामलीला मैदान और बुराड़ी के उपयुक्त मैदानों पर भी विचार करने की बात कही गई है.

Advertisement

उपराज्यपाल से व्यापारियों की तीन मांगें

व्यापारियों ने उपराज्यपाल के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं. 1. जंतर-मंतर पर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन व्यवस्था की तत्काल समीक्षा की जाए. 2. जंतर-मंतर को नियमित प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाने और प्रदर्शनों को किसी उपयुक्त खुले मैदान में स्थानांतरित करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाए. 3. व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल को मुलाकात का समय दिया जाए और उचित समय के भीतर फैसला लिया जाए.

यह चिट्ठी नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन समेत कनॉट प्लेस, पालिका बाजार, जनपथ और खान मार्केट के व्यापारी संगठनों की ओर से भेजा गया है. इसकी प्रतियां दिल्ली पुलिस कमिश्नर, दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव और केंद्रीय गृह मंत्रालय को भी भेजी गई हैं.

एक ओर खान मार्केट एसोसिएशन ने प्रदर्शनों से आजीविका प्रभावित होने का दावा करते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है. दूसरी ओर व्यापारी संगठनों ने उपराज्यपाल से जंतर-मंतर को नियमित प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाने, सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और प्रदर्शनों के लिए वैकल्पिक जगह तय करने की मांग की है.

(Photo- PTI)

सुप्रीम कोर्ट ने छोटे दुकानदारों की आजीविका पर जताई चिंता

दिल्ली किराना कमेटी ने CJP के प्रदर्शन के आह्वान के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है. सुनवाई के दौरान कोर्ट को बताया गया कि NDMC ने सेंट्रल पार्क बंद कर दिया है, जिससे वहां कारोबार नहीं हो पाएगा और रेहड़ी-पटरी वालों समेत छोटे व्यापारियों को नुकसान होगा.

Advertisement

मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि दिल्ली हाई कोर्ट पहले ही इस मामले पर सुनवाई कर रहा है. जस्टिस बागची ने कहा कि ये सभी मिलती-जुलती याचिकाएं हैं, जहां कुछ लोग प्रदर्शन करना चाहते हैं और कुछ उसका विरोध कर रहे हैं. मुख्य न्यायाधीश ने उम्मीद जताई कि सभी पक्ष समझदारी से काम लेंगे. उन्होंने कहा कि छोटे दुकानदारों की आजीविका इसी कारोबार पर निर्भर है और उनके परिवारों को होने वाली मुश्किलों को समझना जरूरी है.

कोर्ट ने कहा कि कारोबार को हुए नुकसान का मुद्दा 26 तारीख को उठाया जा सकता है. इस पर याचिकाकर्ता के वकील ने कहा कि NDMC के आदेश से सेंट्रल पार्क बंद होने के कारण व्यापारियों का कामकाज ठप हो जाएगा. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अगर NDMC के आदेश के कारण कारोबार को नुकसान होता है, तो कोर्ट इस पर विचार करेगा और टॉर्ट कानून के तहत मुआवजे के आदेश भी दे सकता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »