करवा चौथ को लेकर दिल्ली की महिलाओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. सुहाग की लंबी उम्र की कामना के लिए रखे जाने वाले इस व्रत में महिलाएं पूरे दिन बिना जल ग्रहण किए उपवास करती हैं. इस त्योहार पर पूजा-पाठ के साथ सोलह श्रृंगार की भी खास परंपरा है. इसमें हाथों पर मेहंदी लगाना बेहद अहम माना जाता है. इसी परंपरा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली के महरौली में मुफ्त मेहंदी मेले का आयोजन किया गया है, जहां बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंच रही हैं.
करवा चौथ से पहले 27 और 28 अक्टूबर को महरौली में मेहंदी मेले का आयोजन किया गया है. इस मेले में महिलाएं मुफ्त में मेहंदी लगवा सकती हैं. आयोजन को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह है. महरौली के विधायक गजेंद्र यादव के मुताबिक, मेले में अब तक 7 हजार से ज्यादा महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है. यह मेला पूर्व पार्षद आरती सिंह और वर्तमान विधायक गजेंद्र यादव की ओर से आयोजित किया जा रहा है. आयोजकों की ओर से बीते कई वर्षों से लगातार इस मेले का आयोजन किया जा रहा है. इस बार मेहंदी मेला छठी बार लगाया गया है.
सुहाग की लंबी उम्र के लिए रखती हैं व्रत
करवा चौथ पर महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के साथ व्रत रखती हैं. इस दिन महिलाएं सजने-संवरने के साथ पूजा-पाठ करती हैं. हाथों में मेहंदी लगाना भी इस त्योहार की खास परंपराओं में शामिल है. ऐसे में करवा चौथ से पहले आयोजित यह मेला महिलाओं को मुफ्त में मेहंदी लगवाने का मौका दे रहा है. मेले में बड़ी संख्या में महिलाएं रजिस्ट्रेशन करा रही हैं. आयोजकों की ओर से भी महिलाओं को करवा चौथ की शुभकामनाएं दी जा रही हैं. भारतीय जनता पार्टी के कई बड़े नेता भी मेले में पहुंच रहे हैं और आयोजन में शामिल महिलाओं को शुभकामनाएं दे रहे हैं.
मेहंदी लगाने वाली महिलाओं को भी मिल रहा रोजगार
इस मेले का मकसद महिलाओं को मुफ्त मेहंदी की सुविधा देना ही नहीं, बल्कि मेहंदी लगाने वाली महिलाओं को रोजगार का अवसर देना भी है. विधायक गजेंद्र यादव ने बताया कि मेले में मेहंदी लगाने वाली महिलाओं को इसके लिए निश्चित राशि दी जा रही है. इससे मेहंदी लगाने वाली महिलाओं को काम मिल रहा है और त्योहार के मौके पर उनकी कमाई का भी अवसर बन रहा है.महरौली में आयोजित यह मेला करवा चौथ से पहले महिलाओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. बड़ी संख्या में रजिस्ट्रेशन से साफ है कि महिलाएं इस आयोजन में दिलचस्पी दिखा रही हैं.
अमरदीप कुमार