दिल्ली में शनिवार को दिनभर अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिली. हालांकि बारिश के बावजूद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में अगले दो दिनों तक हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है. वहीं, मंगलवार और बुधवार को बारिश की रफ्तार बढ़ने की संभावना है, जिसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
शनिवार को सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री ज्यादा रहा. वहीं, अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है. पालम में न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री और अधिकतम 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 27 डिग्री, जबकि आयानगर में 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा.
दिल्ली के कई इलाकों में शुक्रवार देर रात से शनिवार तक रुक-रुककर बारिश हुई. सफदरजंग में शनिवार तड़के 2.30 बजे से सुबह 5.30 बजे के बीच 1 मिमी बारिश दर्ज की गई. पालम में दोपहर 2.30 से शाम 5.30 बजे के बीच 2.2 मिमी बारिश हुई. वहीं, जनकपुरी में 1 मिमी और नारायणा में 2.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. नजफगढ़ और लोधी रोड में भी हल्की बारिश हुई.
कैसे रहेगा आने वाले दिनों में मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार और सोमवार को दिल्ली में कुछ जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और इनके 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. रविवार को अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. शनिवार सुबह 9 बजे राजधानी का 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 73 दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को इसी समय यह 70 था.
aajtak.in