दिल्ली के मयूर विहार इलाके में मंगलवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. पत्नी की हत्या के आरोपी दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल मनीष भाटी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल से सभी जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. इस्तेमाल किए गए हथियार, घटनास्थल की परिस्थितियों और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है. फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. बताया जा रहा है कि सिपाही मनीष भाटी पर अपनी पत्नी प्रियंका भाटी की गोली मारकर हत्या करने का आरोप था.
वारदात के बाद से वह फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. इसी बीच मंगलवार को मयूर विहार इलाके में उसने कथित तौर पर खुद को गोली मार ली. मनीष भाटी पूर्वी जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात था. उसकी पत्नी प्रियंका भाटी एक निजी स्कूल में शिक्षिका के पद पर तैनात थीं.
कल्याणपुरी में की थी पत्नी की हत्या
प्रियंका की हत्या सोमवार तड़के करीब तीन बजे कल्याणपुरी थाना क्षेत्र में हुई थी. मनीष और प्रियंका स्कूटी से अपने घर से निकले थे. दोनों पूर्वी विनोद नगर के रहने वाले थे. उनकी शादी करीब तीन साल पहले हुई थी. रास्ते में दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी वारदात में बदल गया.
सर्विस पिस्टल से पत्नी को मारी गोली
पुलिस के अनुसार, एलबीएस अस्पताल के पास दोनों स्कूटी से उतरकर बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान विवाद बढ़ने पर मनीष ने कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्टल से प्रियंका के सीने में गोली मार दी. गोली लगते ही प्रियंका सड़क पर गिर गईं. वारदात के बाद आरोपी उन्हें वहीं छोड़कर स्कूटी से फरार हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
राहगीरों ने पहुंचाया था अस्पताल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस घटना के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे एक ऑटो चालक और स्थानीय लोगों ने घायल प्रियंका को तुरंत एलबीएस अस्पताल पहुंचाया. हालांकि डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. अस्पताल से सूचना मिलते ही पुलिस की टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. घटनास्थल का निरीक्षण करके जांच शुरू कर दी.
CCTV फुटेज बनी अहम सबूत
पुलिस जांच में घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज को सबसे अहम सबूत माना जा रहा है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हुई है. जांच अधिकारी फुटेज के आधार पर आरोपी की गतिविधियों, वारदात के क्रम और घटनाक्रम का विश्लेषण कर रहे हैं. इसके अलावा अन्य इलेक्ट्रॉनिक और तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं.
दोनों में लंबे समय से था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच और पड़ोसियों से पूछताछ में सामने आया है कि मनीष और प्रियंका के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था. दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे. अब आरोपी की मौत के बाद पुलिस दोनों घटनाओं को जोड़कर पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है.
अरविंद ओझा