आउटर दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने बक्करवाला रूट इलाके में मुठभेड़ के बाद कुख्यात अपराधी आशीष बक्करवाला को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने बताया कि हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े इस शातिर बदमाश पर हत्या समेत आठ से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं.
पुलिस ने बताया कि कुख्यात अपराधी आशीष के अपने गांव बक्करवाला आने की खुफिया सूचना मिली थी, जिसके आधार पर स्पेशल स्टाफ ने तुरंत जाल (ट्रैप) बिछाया था. बक्करवाला रूट पर पुलिस द्वारा सरेंडर के लिए कहे जाने पर शातिर अपराधी ने खुद को घिरा देख टीम पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस की तरफ से की गई त्वरित जवाबी कार्रवाई में आशीष घायल हो गया. इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. इस खतरनाक मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से दो-दो राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया.
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आशीष बक्करवाला का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. पुलिस के मुताबिक, हत्या के मामले में जेल की सजा काटकर बाहर आने के बाद वह कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग में शामिल हो गया था और उसी के इशारे पर वारदातों को अंजाम दे रहा था.
चार मामलों में वांछित था अपराधी
पकड़े गए इस शातिर अपराधी पर दिल्ली के विभिन्न थानों में आठ से भी अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. वह लंबे वक्त से पुलिस की गिरफ्त से दूर था और चार गंभीर मामलों में वांछित (वांटेड) अपराधी के रूप में उसकी तलाश की जा रही थी.
पुलिस जांच में ये भी साफ हुआ है कि हाल ही में 14 मई की रात को राजधानी के मुंडका, रनहोला और कंझावला इलाकों में जो ताबड़तोड़ फायरिंग की वारदातें हुई थीं, उन सभी मामलों में भी इस आरोपी का नाम मुख्य रूप से सामने आया था.
हिमांशु मिश्रा