दिल्ली-NCR में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के इलाकों में कहीं हल्की बूंदाबांदी हो रही है तो कहीं तेज बारिश देखने को मिल रही है. मौसम में आए इस बदलाव के बीच मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में पूरे दिन मौसम में बदलाव बना रहेगा. बारिश के चलते राजधानी और NCR के अलग-अलग इलाकों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है.
दिल्ली-NCR में कहीं हल्की बारिश तो कहीं तेज बारिश का सिलसिला देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के येलो अलर्ट के बीच दिनभर मौसम में उतार-चढ़ाव रहने की संभावना है.
ओडिशा में अर्नब का असर
उधर, ओडिशा में चक्रवात अर्नब का असर जारी है. चक्रवात के प्रभाव से रायगड़ा जिले में बारिश हो रही है. हालांकि, बारिश की तीव्रता पहले के मुकाबले कम हुई है. जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सभी विभागों को अलर्ट पर रखा है. जिला कलेक्टर आशुतोष कुलकर्णी ने बताया कि जिले में उम्मीद से कम बारिश दर्ज की गई है और फिलहाल किसी बड़े खतरे की आशंका नहीं है.
रायगड़ा के जिला कलेक्टर आशुतोष कुलकर्णी ने बताया कि आज सुबह 8:30 बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों के दौरान जिले में 40 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. इसके बाद सुबह 8:30 बजे से शाम तक करीब 26 मिलीमीटर और बारिश हुई.
उन्होंने कहा कि जिले में कुल मिलाकर अनुमान से काफी कम बारिश हुई है. अब बारिश की तीव्रता भी कम हो गई है, जिससे फिलहाल किसी बड़े खतरे की स्थिति नहीं है.
सभी विभागों को अलर्ट पर रखा गया
जिला कलेक्टर ने कहा, 'बारिश अब कम हो गई है और फिलहाल कोई बड़ा खतरा नहीं है. इसके बावजूद हम हाई अलर्ट पर हैं. रायगड़ा में अभी और बारिश होने की संभावना बनी हुई है.'
प्रशासन ने चक्रवात अर्नब के प्रभाव को देखते हुए सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं. बारिश में कमी आने के बावजूद प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
आशुतोष मिश्रा