साउथ दिल्ली में एक कैब ड्राइवर ने एक नाबालिग का रेप करके उसकी हत्या कर दी थी. आरोपी ने पहले बच्ची को फुटपाथ से किडनैप किया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया था. इस मामले में अब खुलासा हुआ है कि आरोपी नपुंसक है.
आरोपी कैब ड्राइवर की पहचान आरोपी बबलू (29) के रूप में हुई है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी की मेडिकल जांच में इरेक्टाइल डिस्फंक्शन की पुष्टि हुई है और उसका इम्पोटेंसी टेस्ट पॉजिटिव आया है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने गाड़ी की पिछली सीट पर बच्ची के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की थी. लेकिन इरेक्टाइल डिस्फंक्शन की वजह से वो ऐसा करने में नाकाम रहा.
फुटपाथ से बच्ची को किया किडनैप
कैब ड्राइवर ने पूछताछ के दौरान बताया कि वो करीब 15 दिन पहले बिहार से लौटा था. उसने महरौली में छतरपुर मेट्रो स्टेशन के पास बच्ची को फुटपाथ पर अपने परिवार के साथ सोते हुए देखा और उसे किडनैप कर लिया. आरोपी ने बच्ची को अपनी कार में डाल दिया था.
जब गाड़ी चलने लगी तो लड़की की नींद खुल गई और वो अपने पिता को आवाजें देने लगीं, जिससे वो जाग गए. उसके पिता कार के पीछे दौड़े और डंडे फेंककर उसे रोकने की कोशिश की. लेकिन आरोपी नाबालिग को लेकर फरार हो गया.
बच्ची को धमकाया, फिर की हत्या
आरोपी ने कबूल किया कि उसने बच्ची को धमकी दी थी कि अगर उसने शोर मचाया तो अंजाम बुरा होगा. इसके बाद वो उसे फरीदाबाद-गुरुग्राम बॉर्डर के पास एक सुनसान जंगली इलाके में ले गया, जहां उसने उसकी हत्या कर दी और लाश को पत्थरों के ढेर के नीचे फेंक दिया.
यह भी पढ़ें: 'मर गया... मर गया! दिल्ली रेप के आरोपी को एनकाउंटर में लगी गोली, पुलिस के कंधे पर पहुंचा अस्पताल
आरोपी बबलू बिहार के खगड़िया जिले का रहने वाला है और वो पांच साल से दिल्ली में रह रहा है. कैब ड्राइवर बनने से पहले उसने सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम किया था. पुलिस ने बताया कि बिहार में भी उसके खिलाफ पांच क्रिमिनल केस दर्ज हैं, जिनमें दो हत्या की कोशिश के हैं.
आरोपी पर BNS और POSCO के तहत मामला दर्ज
दिल्ली पुलिस आरोपी से जुड़े तीन बड़े कैब एग्रीगेटर्स को नोटिस भेजकर उसकी ऑनबोर्डिंग और वेरिफिकेशन प्रोसेस की जानकारी मांगने की तैयारी कर रही है. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और POCSO एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है.
aajtak.in