दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में लगी आग में घायल हुए एक विदेशी नागरिक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, पुलिस ने रविवार इसकी जानकारी दी. अब इस घटना में मरने वालों की संख्या 22 हो गई है.
बुधवार की सुबह हौज रानी इलाके में हुए अग्निकांड में किर्गिस्तान, नाइजीरिया, बांग्लादेश, इराक, कांगो, मोज़ाम्बिक और लाइबेरिया के विदेशी नागरिकों सहित 21 लोगों की मौत हुई थी.
डेप्युटी कमिश्नर ऑफ पुलिस (दक्षिण) अनंत मित्तल ने बताया कि दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज करा रहे एक विदेशी नागरिक की कल देर रात चोटों के कारण मौत हो गई. इसके साथ ही, इस अग्निकांड में मरने वालों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है.
यह भी पढ़ें: 'मैं खिड़की से कूद गया, लेकिन...', दिल्ली होटल अग्निकांड में मारे गए इराकी युवक के रिश्तेदार का दर्द
होटल मालिक गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने होटल के मालिक और रसोइए को गिरफ्तार कर लिया है, आरोप है कि उनकी लापरवाही आग लगने का कारण हो सकती है. होटल से जुड़े कई अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि रसोइए की हरकतों के कारण आग लगी होगी. जांचकर्ता घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रहे हैं और होटल से जुड़े कई लोगों से पूछताछ कर रहे हैं.
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, पुलिस ने इससे पहले होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार किया था. मालवीय नगर पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर के अनुसार, जांच में पता चला है कि होटल को केवल 6 कमरों की अनुमति होने के बावजूद 25 कमरे संचालित किए जा रहे थे.
अधिकारियों ने परिसर में वेंटिलेशन और आपातकालीन तैयारियों में कथित कमियों की भी पहचान की है. बचाव दल के पहुंचने पर तहखाने का प्रवेश द्वार बंद पाया गया, जिसके कारण दमकलकर्मियों को बचाव अभियान के दौरान दरवाजा तोड़ना पड़ा.
वहीं, पुलिस की टीम होटल मालिक के सहयोगी जय मिश्रा का पता लगाने के लिए काम कर रही हैं, जो घटना के बाद से फरार है.
aajtak.in