ट्रेन में जाते वक्त आई उल्टी, फिर 24 साल के लड़के की जान पर बन आई... दिल्ली में हीट स्ट्रोक का प्रकोप

दिल्ली में पड़ रही भीषण गर्मी अब खतरनाक होती नजर आ रही है. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में इस सीजन का पहला हीट स्ट्रोक मरीज भर्ती हुआ है. 24 साल का यह युवक पश्चिम बंगाल का छात्र है, जो ट्रेन से सफर के दौरान बीमार पड़ा और बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया. उसकी हालत गंभीर है और वह वेंटिलेटर पर ICU में भर्ती है.

Advertisement
मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए जारी किया भीषण गर्मी का 'ऑरेंज अलर्ट (File Photo) मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए जारी किया भीषण गर्मी का 'ऑरेंज अलर्ट (File Photo)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 21 मई 2026,
  • अपडेटेड 5:51 PM IST

दिल्ली की भीषण गर्मी अब सिर्फ परेशानी नहीं, बल्कि खतरे की घंटी बनती दिख रही है. राजधानी के राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में इस सीजन का पहला हीट स्ट्रोक मरीज भर्ती किया गया है. पश्चिम बंगाल के रहने वाले 24 साल के एक छात्र को बेहद गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर उसकी जान बचाने में जुटे हैं. जब युवक को अस्पताल लाया गया, तब वह पूरी तरह बेहोश था. डॉक्टरों का कहना है कि इस समय गर्मी और लू को हल्के में लेना भारी पड़ सकता है.

Advertisement

यह मामला बुधवार-गुरुवार रात का है, जब करीब 1:45 बजे युवक को बेहोशी की हालत में RML अस्पताल लाया गया. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, युवक ट्रेन में सफर कर रहा था और उसे लगातार उल्टी, कमजोरी और दस्त की शिकायत हो रही थी. हालत इतनी बिगड़ गई कि वह बेहोश हो गया. अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने देखा कि उसके शरीर का तापमान बेहद ज्यादा था और उसकी स्थिति तेजी से बिगड़ रही थी.

RML अस्पताल के डॉक्टर अजय चौहान के मुताबिक, मरीज को तुरंत ठंडे पानी और बर्फ की मदद से शरीर का तापमान कम करने की कोशिश की गई. इसके बाद उसे ICU में भर्ती कर वेंटिलेटर पर रखा गया. डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है.

दिल्ली में लू का अलर्ट, डॉक्टरों ने दी बड़ी चेतावनी

Advertisement

डॉक्टरों का कहना है कि लोग लू और भीषण गर्मी को सिर्फ मौसम का मिजाज समझकर हल्के में लेने की भूल कतई न करें. अगर लंबे समय तक तेज धूप या भीषण गर्मी में रहा जाए, तो शरीर पानी की कमी का शिकार हो जाता है और हालात जानलेवा बन सकते हैं. इससे डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, सांस की दिक्कत, दिल की बीमारी बढ़ना और गंभीर मामलों में शरीर के अंग भी काम करना बंद कर सकते हैं.

डॉक्टर अजय चौहान ने लोगों को सलाह दी है कि इस समय धूप में कम से कम निकलें, खूब पानी पिएं और शरीर में नमक व इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी न होने दें. बाहर काम करने वालों को छांव में रुक-रुककर काम करना चाहिए. हल्के सूती कपड़े पहनना और ताजे फल खाना भी जरूरी बताया गया है.

दिल्ली में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार की रात मई महीने की पिछले करीब 14 सालों में सबसे गर्म रात रही. न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं राजधानी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और दिन में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका जताई गई है. ऐसे में जरा सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement