दिल्ली सरकार ने महिलाओं के लिए DTC और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा को लेकर नया नियम लागू किया है. अधिकारियों ने रविवार को बताया कि दिल्ली की महिला निवासी अब मुफ्त यात्रा की सुविधा सिर्फ पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के जरिए ही ले सकेंगी.
यह बदलाव दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (Free and Concessional Passes) (Second Amendment) Regulations, 2026 के तहत किया गया है. नए नियम के तहत दिल्ली की पात्र महिला निवासी NCMC आधारित पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड का इस्तेमाल करके DTC और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी. यह सुविधा AC और नॉन-AC दोनों बसों में लागू होगी. हालांकि, महिलाएं चाहें तो अपनी यात्रा के लिए लागू किराया देकर टिकट भी खरीद सकती हैं.
दिल्ली परिवहन विभाग की ओर से जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है कि दिल्ली की महिला निवासी DTC और क्लस्टर बसों, दोनों AC और नॉन-AC में, सिर्फ पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड (NCMC) के इस्तेमाल से मुफ्त यात्रा कर सकती हैं. हालांकि, उनके पास यात्रा के लिए लागू किराया देकर टिकट खरीदने का विकल्प भी रहेगा.
जिनको मुफ्त लाभ नहीं उनके लिए क्या?
नोटिफिकेशन में यह भी कहा गया है कि जो महिलाएं मुफ्त यात्रा की सुविधा के लिए पात्र नहीं हैं, वे DTC और क्लस्टर बसों में लागू किराया देकर टिकट खरीदकर यात्रा कर सकती हैं. इस नियम में दिल्ली के निवासी ट्रांसजेंडर लोगों को भी शामिल किया गया है. परिवहन विभाग ने इससे पहले निर्देश दिया था कि मुफ्त यात्रा की सुविधा लेने के लिए 30 सितंबर से पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड अनिवार्य होगा.
कार्ड बनवाने का मिलेगा मौका
अधिकारियों ने बताया कि स्मार्ट कार्ड को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर ध्यान दिया जाएगा. इसके लिए डिपो और बसों में अनाउंसमेंट, सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और दूसरे माध्यमों का इस्तेमाल किया जाएगा. अधिकारियों के मुताबिक, इस साल मार्च में स्मार्ट कार्ड की शुरुआत के बाद से करीब 19 लाख महिलाओं ने इसकी सुविधा का लाभ उठाया है.उन्होंने बताया कि जिन महिलाओं ने अभी तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, उन्हें आगे भी रजिस्ट्रेशन और कार्ड जारी कराने की सुविधा मिलती रहेगी.
aajtak.in