राजधानी दिल्ली में CJP के विरोध प्रदर्शन के बीच शनिवार को लगाई गई कड़ी पाबंदियों के बाद अब रविवार को सुविधाएं बहाल होने लगी हैं. सुरक्षा कारणों से बंद किए गए दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशनों को यात्रियों के लिए फिर से खोल दिया गया है.
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने बताया कि दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट अब यात्रियों के लिए खोल दिए गए हैं. इसके साथ ही सभी स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा भी पहले की तरह बहाल हो गई है.
इससे पहले, शुक्रवार रात 9 बजे से बंद किए गए 45 मेट्रो स्टेशनों को शनिवार (10 अक्टूबर) रात 10 बजे तक बंद रखने का निर्देश जारी किया गया था. अब हालात सामान्य होने पर सभी सेवाएं पूरी तरह बहाल कर दी गई हैं.
रेलवे सेवाएं भी बहाल
इसके साथ ही भारतीय रेलवे ने भी नई दिल्ली और निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से अपनी रेल सेवाओं को रविवार (11 अक्टूबर 2026) से रेगुलर शेड्यूल के मुताबिक संचालित करने का फैसला लिया है.
बता दें कि 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान सड़कों पर होने वाले भारी ट्रैफिक जाम को देखते हुए नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन आने वाली 38 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया था. रद्द की गई ट्रेनों में मगध एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, तेजस राजधानी एक्सप्रेस, प्रयागराज एक्सप्रेस और शताब्दी एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल थीं.
हालांकि, आनंद विहार टर्मिनल, पुरानी दिल्ली, सराय रोहिल्ला और दिल्ली कैंट जैसे स्टेशनों पर ट्रेनों सुविधाएं शनिवार को भी सामान्य रहीं. रेलवे प्रशासन के मुताबिक, अब रविवार से संपूर्ण रेल नेटवर्क पर सेवाएं बहाल हो गई हैं.
चिल्ला बॉर्डर पर सामान्य हुआ यातायात
विरोध प्रदर्शनों के दूसरे दिन दिल्ली-नोएडा चिल्ला बॉर्डर पर भी सुरक्षा बलों की मौजूदगी काफी कम कर दी गई है. शनिवार सुबह जहां बॉर्डर पर पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्स की भारी तैनाती थी और हर बस और गाड़ी की जांच की जा रही थी, वहीं अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं.
बॉर्डर से पैरा मिलिट्री हटा ली गई है और दिल्ली पुलिस के कुछ ही जवान तैनात हैं. वाहनों की कोई चेकिंग नहीं हो रही है और दिल्ली-नोएडा के बीच ट्रैफिक सामान्य हो गया है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली मेट्रो बंदी और कस्टडी पर सुप्रीम कोर्ट सख्त... अवमानना याचिका पर कल सुनवाई करेगी स्पेशल बेंच
बाजार और शराब की दुकानें भी खुलीं
इसके अलावा प्रोटेस्ट के चलते हुए बंद हुए बाजार भी आज खुल गए हैं. नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन ने शनिवार को ही ऐलान कर दिया था कि वो कल अपने मार्केट खोलेंगे. एसोसिएशन ने कहा था कि आज पूरे दिन कनॉट प्लेस और उसके आसपास चल रहे विरोध प्रदर्शन और संवेदनशील स्थिति को देखते हुए, हम सभी से अनुरोध करते हैं कि कल (11/10/26) को फिर से खुलने पर सतर्क और सावधान रहें. इसके अलावा दो दिन दिल्ली में शराब की दुकानें भी बंद थीं, जो आज से खुल गई हैं.
aajtak.in