E20 पेट्रोल पर अरविंद केजरीवाल की PM मोदी को चिट्ठी, रखीं दो बड़ी मांगें

E20 पेट्रोल को लेकर अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी है. उन्होंने हर पेट्रोल पंप पर शुद्ध पेट्रोल का विकल्प देने और E20 की कीमत कम करने की मांग उठाई है.

Advertisement
पीएम मोदी को चिट्ठी लिखकर केजरीवाल ने की E20 पेट्रोल के दाम घटाने की मांग. (File Photo) पीएम मोदी को चिट्ठी लिखकर केजरीवाल ने की E20 पेट्रोल के दाम घटाने की मांग. (File Photo)

अमित भारद्वाज

  • नई दिल्ली,
  • 14 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 1:46 PM IST

आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने E20 पेट्रोल के मुद्दे पर सीधे पीएम मोदी को एक चिट्ठी लिखी है, जिसमें जनता के हित से जुड़ी दो बड़ी मांगें रखी गई हैं. इस चिट्ठी में मांग की गई है कि हर पेट्रोल पंप पर ग्राहकों को E20 के साथ 100 फीसदी शुद्ध पेट्रोल का विकल्प भी मिलना चाहिए. साथ ही अगर E20 पेट्रोल में माइलेज कम मिलता है तो उसकी कीमत भी कम होनी चाहिए. साथ ही उन्होंने StopE20petrol.com के जरिए देशभर में ऑनलाइन सिग्नेचर अभियान भी शुरू किया है.

Advertisement

अरविंद केजरीवाल ने E20 पेट्रोल के मुद्दे पर सिर्फ चिट्ठी लिखने तक बात सीमित नहीं रखी. उन्होंने 'स्टॉप E20 पेट्रोल' नाम से एक ऑनलाइन सिग्नेचर अभियान भी शुरू किया है. इसके लिए StopE20petrol.com वेबसाइट लॉन्च की गई है, जहां लोग प्रधानमंत्री के नाम की याचिका पर हस्ताक्षर कर सकते हैं. इसके अलावा, केजरीवाल ने लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें E20 पेट्रोल की वजह से माइलेज कम होने, इंजन में खराबी या गाड़ी के रखरखाव का खर्च बढ़ने जैसी दिक्कतें आ रही हैं, तो वे इस अभियान से जुड़ें. साथ ही, उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर अपने अनुभव वीडियो के जरिए साझा करने की भी अपील की.

'लोगों को विकल्प मिलना चाहिए'

अरविंद केजरीवाल ने बताया कि E20 पेट्रोल को लेकर उन्हें लोगों और सर्विस सेंटरों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं. बड़ी संख्या में गाड़ी मालिक माइलेज कम होने के साथ-साथ इंजन में खराबी की बात कह रहे हैं. इसी समस्या को देखते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री से मिलने का समय मांगा है, ताकि सरकार आम लोगों की परेशानी सुनकर इसका कोई समाधान निकाले.

Advertisement

अपनी चिट्ठी में उन्होंने मुख्य रूप से दो मांगें उठाई हैं. पहली मांग यह है कि पेट्रोल पंपों पर 100 फीसदी शुद्ध पेट्रोल, E10 और E20 तीनों के विकल्प मिलने चाहिए, ताकि लोग अपनी पसंद से तेल चुन सकें. दूसरी मांग सीधे जनता की जेब से जुड़ी है. उनका कहना है कि E20 पेट्रोल से गाड़ियों का माइलेज कम मिलता है, इसलिए इसकी कीमत भी सामान्य पेट्रोल के मुकाबले कम होनी चाहिए.

महिला सम्मान योजना पर भी BJP को घेरा

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केजरीवाल ने दिल्ली सरकार की 2500 रुपये वाली महिला योजना पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि इस योजना में शर्तें लगाने की बजाय पंजाब मॉडल अपनाना चाहिए. उनके मुताबिक पंजाब में यह योजना सभी महिलाओं के लिए लागू की गई है, चाहे वे अमीर हों या गरीब.

E20 पेट्रोल क्या है?

E20 ऐसा पेट्रोल है जिसमें 20 फीसदी इथेनॉल और 80 फीसदी पेट्रोल मिलाया जाता है. सरकार इसका इस्तेमाल बढ़ाकर जहां एक तरफ तेल के आयात पर अपनी निर्भरता कम करना चाहती है, वहीं दूसरी तरफ प्रदूषण घटाना भी उसका बड़ा मकसद है. हालांकि, कई गाड़ी मालिकों का कहना है कि E20 पेट्रोल यूज करने से माइलेज कम हो जाता है और इंजन की परफॉर्मेंस पर भी बुरा असर पड़ता है. इसी समस्या को देखते हुए अब आम आदमी पार्टी ने सरकार से इस पूरे फैसले पर दोबारा विचार करने की मांग की है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »