रेकी, सुपारी और फिर कत्ल, 2 साल बाद नाले से मिला युवती का कंकाल, दो महिला गिरफ्तार, जानें मर्डर की वजह

दंतेवाड़ा पुलिस ने दो साल पुराने अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार पति के अवैध संबंध के शक में पत्नी ने 22 वर्षीय युवती की सुपारी देकर हत्या करवाई थी. हत्या के बाद शव को नाले के पास दफना दिया गया था.

Advertisement
हत्या के आरोप में दो महिला गिरफ्तार. (Photo: Representational) हत्या के आरोप में दो महिला गिरफ्तार. (Photo: Representational)

aajtak.in

  • दंतेवाड़ा ,
  • 21 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:40 PM IST

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में पुलिस ने दो साल पुराने एक सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस जांच में सामने आया है कि पति के अवैध संबंध के शक में एक महिला ने 22 वर्षीय युवती की हत्या की साजिश रची थी. हत्या के बाद शव को प्लास्टिक की बोरी में भरकर नाले के किनारे दफना दिया गया था. इस मामले में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता महिला समेत दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है.

Advertisement

पुलिस के अनुसार थाना सिटी कोतवाली दंतेवाड़ा में साल 2024 में रामदई कश्यप नाम की युवती की गुमशुदगी दर्ज की गई थी. लंबे समय तक युवती का कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में पुराने मामलों को सुलझाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया. एसडीओपी राहुल उईके और थाना प्रभारी धनंजय सिन्हा के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की दोबारा जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने युवती की कॉल डिटेल खंगाली. इसमें सामने आया कि रामदई कश्यप का लगातार पांडू करटम नाम के शख्स से संपर्क था. पूछताछ में दोनों के बीच करीबी संबंधों की बात भी सामने आई.

रेकी के बाद सुपारी देकर कराई गई थी 22 वर्षीय युवती की हत्या

पुलिस जांच आगे बढ़ी तो ग्राम तोयलंका निवासी रामबती करटम से पूछताछ में पूरे हत्याकांड का खुलासा हुआ. जांच में सामने आया कि पांडू करटम की पत्नी कमली करटम को अपने पति और रामदई के संबंधों पर शक था. इसके बाद उसने रामदई को रास्ते से हटाने की साजिश रची. पुलिस के मुताबिक गांव में बीज त्योहार के दौरान कमली का पति तोयलंका आया हुआ था. इसी बीच कमली ने अपने पति की पहली पत्नी की बेटी लक्ष्मी नाग को दंतेवाड़ा स्थित घर पर रामदई की रेकी करने भेजा.

Advertisement

लक्ष्मी ने फोन कर कमली को बताया कि रामदई घर में सो रही है. इसके बाद कमली ने अपने रिश्तेदार हुंगाराम उर्फ बुटू करटम को सुपारी देकर दंतेवाड़ा भेजा. आरोपी अपनी पिकअप गाड़ी से वहां पहुंचा और घर में घुसकर सो रही रामदई का मुंह और गला दबाकर हत्या कर दी. हत्या के बाद देर रात शव को पिकअप में रखकर ग्राम तोयलंका लाया गया. वहां आरोपी के घर के पीछे नाले के पास जमीन खोदकर शव को प्लास्टिक की बोरी में भरकर दफना दिया गया.

 दो महिलाएं गिरफ्तार, एक आरोपी अब भी फरार
 

मुख्य आरोपी कमली करटम की निशानदेही पर दण्डाधिकारी गरिमा प्रधान, फोरेंसिक विशेषज्ञ वसीम अकरम और पुलिस टीम की मौजूदगी में जमीन की खुदाई कराई गई. खुदाई में प्लास्टिक की बोरी में भरा मानव कंकाल बरामद हुआ. कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है. पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया है. कमली करटम और लक्ष्मी नाग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. एएसपी राजकुमार बर्मन ने बताया कि कॉल डिटेल के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई थी, जिसके बाद इस अंधे कत्ल का खुलासा हुआ.

---- समाप्त ----
रिपोर्ट- धर्मेंद्र सिंह

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement