मुजफ्फरपुरः सास, बहू, बेटा और पति मिलकर कर रहे थे स्मैक का कारोबार, ग्राहक बनकर पहुंच गई पुलिस

बिहार के मुजफ्फरपुर में पुलिस ने दो महिलाओं को स्मैक के कारोबार के आरोप में अरेस्ट किया है. पुलिस का कहना है कि दोनों महिलाएं रिश्ते में सास और बहू हैं. दोनों के पति भी इस कारोबार में शामिल हैं. उनकी तलाश की जा रही है. वाट्सअप के माध्यम से ऑर्डर और पेमेंट लेकर स्मैक की डिलीवरी की जाती थी.

Advertisement
महिलाओं को अरेस्ट कर ले जाती पुलिस. महिलाओं को अरेस्ट कर ले जाती पुलिस.

मणिभूषण शर्मा

  • मुजफ्फरपुर,
  • 29 अगस्त 2022,
  • अपडेटेड 9:05 PM IST

बिहार के मुजफ्फरपुर में पुलिस ने स्मैक बेचने वाली आंटी गैंग की मुखिया समेत दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, ये आरोपी नशा करने वालों के बीच आंटी के नाम से फेमस हैं. नशा करने वाले उससे स्मैक लेने उसके घर तक जाते हैं. इस बारे में पुलिस को बीते दिनों से जानकारी मिल रही थी. इसके बाद छापा मारकर पुलिस ने सिकंदरपुर स्टेडियम के पास से गैंग की दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement

पुलिस के अनुसार, खुशबू और आशा नाम की दोनों आरोपियों के पास से स्मैक बरामद हुई है. आरोपी आशा खुशबू की सास बताई जा रही है. वहीं खुशबू का पति और ससुर फरार हैं. पुलिस ने खुशबू के पास से 3.284 ग्राम व आशा के पास से 8.344 ग्राम स्मैक बरामद की है. इसके अलावा दोनों के पास से 12 हजार रुपए बरामद किए हैं. दोनों के खिलाफ नगर थाने में तैनात प्रशिक्षु दारोगा रंजन कुमार के बयान पर केस दर्ज किया गया है.

पुलिस ने 4 लोगों पर दर्ज किया केस, मामले की हो रही जांच

पुलिस का कहना है कि सिकंदरपुर स्टेडियम के पास स्थित अंबेडकर नगर में सास, बहू, बेटा व पति मिलकर स्मैक का धंधा कर रहे थे. छापेमारी के दौरान पुलिस की गाड़ी देखकर दो पुरुष मौके से फरार हो गए. गिरफ्तार महिला से जब पुलिस ने पूछताछ की तो महिला ने पुलिस को बताया कि दोनों फरार व्यक्ति मिठू सहनी व रवि सहनी हैं. पुलिस ने चारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.

Advertisement

SSP जयंत कांत ने बताया कि गिरफ्तार महिला के पास से स्मैक बरामद की गई है. चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई. गिरफ्तार महिला को कोर्ट में पेश किया गया है. दोनों महिलाओं को कोर्ट में पेशी के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पूरे गैंग का पता लगाया जा रहा है.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »