फैक्ट चेक: जंतर मंतर के प्रदर्शन में गुंडों के लिए नहीं आईं ये खाकी वर्दियां

ये वीडियो पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में रहने वाले एक व्यक्ति ने बनाया था. हमें  उसने बताया इस  वीडियो की असलियत

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
दिल्ली में हालिया प्रदर्शनों के दौरान गुंडों के लिए फर्जी वर्दियां लाई गईं.
सच्चाई
ये पश्चिम बंगाल का वीडियो है. इसका दिल्ली के हालिया प्रदर्शन से कोई लेना-देना नहीं है.

ज्योति द्विवेदी

  • नई दिल्ली,
  • 12 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 9:02 PM IST

दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव की खबरों के बीच खाकी वर्दियों से भरी एक कार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. कई लोगों का कहना है कि ये वीडियो इस बात का सबूत है कि दिल्ली के हालिया प्रदर्शन के दौरान गुंडों को खाकी वर्दियां दी गईं. जैसे, एक वीडियो में एक व्यक्ति कहता है कि जंतर मंतर के प्रोटेस्ट में ड्यूटी पर तैनात पुलिसवाले इसलिए नेमप्लेट नहीं लगा रहे हैं. 

Advertisement

जंतर मंतर पर दिल्ली पुलिसकर्मियों के नेमटैग न लगाने पर लगातार सवाल उठ रहे हैं. दिल्ली पुलिस ने इस बारे में कहा है कि उन्होंने पुलिसकर्मियों की निजता की रक्षा करने और उनके परिवार को सुरक्षित रखने के लिए ऐसा किया था. वायरल वीडियो में एक कार के अंदर तह लगी हुई खाकी वर्दी और कुछ अन्य वर्दियां रखी हैं. एक व्यक्ति कार के दरवाजे को खोलता है जिससे अंदर रखी वर्दियां और कुछ अन्य सामान दिखता है.

एक व्यक्ति ने एक्स पर लिखा, "दिल्ली पुलिस की वर्दी थोक में बन गई है बस दुखद बात ये है कि नेम प्लेट नहीं बन पाया इसीलिए आप देख रहे होंगे कि दिल्ली पुलिस वर्दी में है लेकिन उसके नाम गायब हैं." सामना ऑनलाइन मैगजीन ने भी इस वीडियो को दिल्ली का बताया. 

आजतक फैक्टचेक ने पाया कि ये वीडियो बंगाल का है और इसका दिल्ली में हुए प्रदर्शनों से कोई लेना-देना नहीं है.

Advertisement

कैसे पता चली सच्चाई?

वायरल वीडियो में बांग्ला बोलते हुए सुनाई दे रहे हैं. ये देखकर हमें लगा कि ये पश्चिम बंगाल का वीडियो हो सकता है. इसके कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने से ये हमें राकेश सरकार नामक फेसबुक यूजर की 9 अक्टूबर की एक पोस्ट में मिला. यहां इसे पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले में स्थित बगदाह नामक जगह का बताया गया है. पोस्ट में '#WBP', '#wbppolice', और 'West Bengal Police' जैसे हैशटैग्स इस्तेमाल किए गए हैं. राकेश ने इस पोस्ट के कमेंट सेक्शन में लिखा है कि ये पश्चिम बंगाल पुलिस में नए भर्ती होने वाले लोगों की वर्दियां हैं.

राकेश ने हमें बताया कि उनकी हाल ही में पुलिस में भर्ती हुई है और ये वीडियो उन्होंने ही बनाया था. ये उत्तर 24 परगना जिले का वीडियो है न कि दिल्ली का.

राकेश के फेसबुक पेज की टाइमलाइन कवर फोटो में पश्चिम बंगाल पुलिस का लोगो देखा जा सकता है. बायो सेक्शन में दी गई जानकारी के मुताबिक राकेश 24 परगना जिले के बनगांव शहर में रहते हैं. एक अक्टूबर, 2026 को उन्होंने एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें कुछ लोग लाइन लगाकर खड़े हैं और एक शख्स उनसे बारी-बारी रजिस्टर में कुछ लिखवा रहा है. पोस्ट के बंगाली कैप्शन का अनुवाद है- "आज बनगांव पुलिस डिपार्टमेंट के चुने हुए उम्मीदवारों की वर्दी का नाप लिया गया."

Advertisement

जंतर मंतर पर पुलिस की वर्दी में आम नागरिक मौजूद थे या नहीं, इसकी हम स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सकते. लेकिन इतनी बात पक्की है कि बंगाल के एक वीडियो को दिल्ली के प्रदर्शनों के संदर्भ में शेयर किया जा रहा है.
 

---- समाप्त ----
इनपुट- ऋद्धीश दत्ता

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »