अरुणाचल प्रदेश में भारत-चीन सीमा को लेकर चल रहे तनाव के बीच, किसी पहाड़ी इलाके में भागते हुए लोगों की भीड़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. कुछ लोगों का कहना है कि ये अरुणाचल प्रदेश का वीडियो है जहां चीन के सैनिक जबरन दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे लेकिन स्थानीय लोगों ने उन्हें वहां से भगा दिया.
एक एक्स यूजर ने इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा, "अरुणाचल में घुसपैठ की कोशिश कर रहे चीन आर्मी को लोकल लोगों ने खदेड़ दिया. ITBP DG शत्रुजीत कपूर ने पुष्टि की है कि अरुणाचल (खासकर ताकसिंग/अप्पर सुबानसिरी) में भारतीय और चीनी फौजों के बीच कई जगह फेस-ऑफ चल रहे हैं. स्थानीय समुदायों ने चरागाह और शिकार के इलाकों पर चीनी गतिविधियों की शिकायत भी की है."
आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये अरुणाचल प्रदेश का नहीं बल्कि नेपाल का वीडियो है और वहां के एक त्योहार से संबंधित है. इसका भारत-चीन सीमा विवाद से कुछ लेना-देना नहीं है.
कैसे पता चली सच्चाई?
वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने से ये हमें '@patel.__vishal__' नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला. यहां इसे 26 अक्टूबर को 'Woyl' कैप्शन के साथ पोस्ट किया गया था. हमने देखा कि ये नेपाल का अकाउंट है और इस यूजर ने नेपाल के कई वीडियो पोस्ट किए हैं. वायल नेपाल के डोटी जिले का एक गांव है. पश्चिमी नेपाल की ये जगह भारत-नेपाल सीमा के काफी पास है.
इस जानकारी के आधार पर सर्च करने पर हमें वायरल वीडियो से मिलते-जुलते कई अन्य वीडियो भी मिले. सभी के डिस्क्रिप्शन में इन्हें नेपाल के वायल गांव का ही बताया गया है. इन वीडियो में नीली छत वाला वही घर देखा जा सकता है जो वायरल वीडियो में दिख रहा है.
हमें वायरल वीडियो मिलते-जुलते ऐसे वीडियो भी मिले जिनके कैप्शन में दशैं नाम के पर्व का जिक्र है.
दशैं नेपाल का एक प्रमुख पर्व है जो दो हफ्तों तक मनाया जाता है जिसमें लोग देवी दुर्गा की पूजा करते हैं. इस दौरान पशुओं की बलि भी दी जाती है.
चीन सीमा विवाद को लेकर विपक्ष हमलावर
अरुणाचल प्रदेश में भारत-चीन सीमा पर तनाव की स्थिति को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा है कि सीमा से जुड़े मुद्दों को सुलझाने के लिए भारत और चीन लगातार बातचीत कर रहे हैं. समस्या तब होती है जब चीन के सैनिक तय रास्ते से अलग गश्त करने लगते हैं.
साफ है, नेपाल के एक वीडियो को भारत-चीन सीमा विवाद के संदर्भ में शेयर किया जा रहा है.
फैक्ट चेक ब्यूरो