पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भारत में अवैध रूप से घुसपैठ करने वाले बांग्लादेशियों के लिए सभी जिलों में ‘होल्डिंग सेंटर’ बनाने का निर्देश दिया है. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक ट्रेन का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. ट्रेन खचाखच भरी नजर आ रही है. यहां तक कि बड़ी संख्या में लोग ट्रेन की छत पर बैठकर सफर करते दिख रहे हैं.
वीडियो को शेयर करते हुए कुछ लोग दावा कर रहे हैं कि पश्चिम बंगाल में होल्डिंग सेंटर शुरू होने के बाद अवैध रूप से भारत में रह रहे बांग्लादेशी अब डर के मारे इस तरह से भाग रहे हैं. ऐसे ही दावों के साथ एक्स, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर वायरल इन पोस्ट में कहा जा रहा है कि ये नजारा उस वक्त का है, जब पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के बीच चलने वाली ट्रेन बांग्लादेश के एक स्टेशन पर पहुंची थी.
वीडियो के कैप्शन में लिखा है, “पश्चिम बंगाल में सरकार बदलते ही बांग्लादेशियों के अंदर डिटेंशन कैंप में जाने का खौफ देखिए. यह पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के बीच चलने वाली ट्रेन है. यह ट्रेन जब पश्चिम बंगाल से बांग्लादेश के पहले स्टेशन पर पहुंची, तब का नजारा देखिए. बांग्लादेश की मीडिया भी बड़ी तादाद में इसकी कवरेज करने पहुंची है. अब बांग्लादेश के एक मंत्री कह रहे हैं कि हमारे एक करोड़ लोग भारत में अवैध रूप से रहते हैं. अगर इनमें से 20 प्रतिशत लोग भी वापस आ गए, तो हमारा पूरा सिस्टम चरमरा जाएगा.”
आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि वीडियो में दिख रही ट्रेन न तो पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के बीच चलती है और न ही फिलहाल दोनों देशों के बीच कोई ट्रेन सेवा चालू है.
कैसे पता की सच्चाई?
वीडियो को गौर से देखने पर इसमें ट्रेन का नाम और बाकी जानकारी दिखाई देती हैं. एक फ्रेम में ट्रेन की बोगी पर बांग्ला में “चिलाहाटी एक्सप्रेस” और उसके नीचे “इंटरसिटी” लिखा देखा जा सकता है.
इंटरसिटी उन ट्रेनों को कहा जाता है, जो एक ही देश के अलग-अलग शहरों के बीच चलती हैं. कीवर्ड सर्च के जरिए हमें ‘द डेली स्टार’ की एक रिपोर्ट मिली. रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने जून 2023 में ढाका से चिलाहाटी के बीच चलने वाली “चिलाहाटी एक्सप्रेस” की शुरूआत की थी. इससे साफ हो जाता है कि इस ट्रेन का भारत या पश्चिम बंगाल से कोई संबंध नहीं है.
इस जानकारी के साथ सर्च करने पर हमें “Train Update from Dhaka Station” नाम के फेसबुक पेज पर 26 मई को अपलोड किया गया चिलाहाटी एक्सप्रेस का एक और वीडियो मिला. वीडियो के कैप्शन के मुताबिक, ये नजारा उस समय का है जब ढाका के कमलापुर रेलवे स्टेशन से ये ट्रेन चिलाहाटी के लिए रवाना हो रही थी.
“Rail News Digital” नाम के एक बांग्लादेशी फेसबुक पेज पर भी चिलाहाटी एक्सप्रेस के कई वीडियो मिले. 26 मई को अपलोड किए गए एक वीडियो में स्टेशन से रवाना होती खचाखच भरी इस ट्रेन के कई अलग-अलग क्लिप्स देखे जा सकते हैं. इनमें से एक फ्रेम वायरल वीडियो से काफी मिलता है.
इस वीडियो में रिपोर्टर को ये कहते हुए सुना जा सकता है कि बकरीद के मौके पर ढाका के लोग भारी संख्या में अपनी जान जोखिम में डालकर इस तरह से घर लौट रहे हैं.
गौरतलब है कि 5 अगस्त, 2024 को बांग्लादेश में हुए हिंसक आंदोलन और सत्ता परिवर्तन के बाद से भारत और बांग्लादेश के बीच चलने वाली सभी ट्रेन सेवाएं बंद हैं. अब तक दोनों देशों के बीच ट्रेन सेवा दोबारा शुरू करने को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
कुल मिलाकर साफ है कि बकरीद के मौके पर ढाका से घर लौट रहे लोगों के वीडियो को पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश से जोड़कर गलत दावे किए जा रहे हैं.
ऋद्धीश दत्ता