टीवी इंडस्ट्री की सबसे फेमस जोड़ियों में से एक श्वेता तिवारी और राजा चौधरी का रिश्ता सालों पहले टूट चुका है, लेकिन दोनों के बीच जुबानी जंग आज भी खत्म नहीं हुई है. राजा चौधरी ने श्वेता तिवारी के घरेलू हिंसा के आरोपों को पूरी तरह झूठा बताते हुए कई बड़े दावे किए हैं. इतना ही नहीं, उन्होंने यहां तक कह दिया कि 'झूठ बोलना उसके खून में है.'
'मैंने कभी हाथ नहीं उठाया'
सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में जब राजा चौधरी से पूछा गया कि श्वेता ने उन पर घरेलू हिंसा के जो आरोप लगाए थे, क्या वे सही हैं? इस पर उन्होंने बिना देर किए कहा- ये सब झूठ है... बिल्कुल झूठ. राजा ने दावा किया कि उन्होंने कभी श्वेता पर हाथ नहीं उठाया. हालांकि उन्होंने यह जरूर माना कि गुस्से में कई बार घर का सामान तोड़ दिया था.
उन्होंने कहा- हो सकता है मैंने दरवाजा, टीवी या टेबल तोड़ दी हो, लेकिन मैंने कभी श्वेता पर हाथ नहीं उठाया.
गाली देने के सवाल पर भी दिया जवाब
इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि क्या वह श्वेता को गालियां देते थे, तो राजा ने कहा कि गुस्से में कई बार लोगों के मुंह से कुछ शब्द निकल जाते हैं, लेकिन उनका मकसद किसी का अपमान करना नहीं होता.
उन्होंने कहा कि वह आम जिंदगी में किसी को गाली नहीं देते. हां, अगर किसी बहस के दौरान कुछ गलत शब्द निकल गए हों तो उसे जानबूझकर किया गया अपमान नहीं माना जाना चाहिए.
'इलिटरेट' कहने पर भी नहीं बदला रुख
सिद्धार्थ कन्नन ने राजा को याद दिलाया कि उन्होंने एक बार श्वेता तिवारी को 'इलिटरेट' (अनपढ़) कहा था. साथ ही यह भी कहा कि श्वेता ने दो तलाक झेले, अकेले बच्चों की परवरिश की और अपने दम पर सफल करियर बनाया. क्या अब उन्हें अपनी बात पर पछतावा है? इस पर राजा ने कहा कि उनका इशारा श्वेता की पढ़ाई की तरफ था।
उन्होंने कहा- अगर कोई खुद को ग्रेजुएट बताए और उसके पास 10वीं का भी सर्टिफिकेट न हो, तो वह झूठ ही होगा. समझदार होना अलग बात है, लेकिन पढ़ाई का दावा करना सच नहीं है.
'झूठ बोलना उसके खून में है'
राजा चौधरी यहीं नहीं रुके. उन्होंने श्वेता पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा- झूठ बोलना उसके खून में है. अगर उसके पास डिग्री है तो दिखा दे. वह हर बात पर झूठ बोलती है. उन्होंने घरेलू हिंसा के आरोपों का जिक्र करते हुए कहा- उसने कहा कि मैं उसे हर रोज मारता था. इससे बड़ा झूठ क्या हो सकता है?
राजा ने बातचीत के दौरान यह भी आरोप लगाया कि श्वेता ने अपने दूसरे पति से हुए बेटे को उसके पिता से दूर कर दिया.
क्या है पूरा मामला?
श्वेता तिवारी और राजा चौधरी ने साल 1998 में शादी की थी. करीब 9 साल बाद, साल 2007 में दोनों का रिश्ता टूट गया. तलाक के दौरान श्वेता ने राजा पर घरेलू हिंसा और शराब की लत जैसे गंभीर आरोप लगाए थे. दोनों की बेटी पलक तिवारी तलाक के बाद से अपनी मां श्वेता के साथ रह रही हैं.
हालांकि, अब इतने साल बाद राजा चौधरी ने एक बार फिर इन सभी आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया है कि उन्होंने कभी श्वेता पर हाथ नहीं उठाया और उनके खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरह झूठे हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क