टीवी इंडस्ट्री से आई एक दुखद खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया है. 'कुमकुम भाग्य', 'साजन घर' और 'दिलवाली दुल्हा ले जाएगी' जैसे शोज में नजर आ चुकीं 22 साल की एक्ट्रेस संचिता उगले के निधन से उनके फैंस, दोस्त और इंडस्ट्री के लोग गहरे सदमे में हैं. शुरुआती रिपोर्ट्स में इसे आत्महत्या का मामला बताया जा रहा है, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
'मरने की बातें किया करती थीं संचिता'
संचिता की को-स्टार मेघा शर्मा ने उनके निधन पर दुख जताते हुए कहा कि वो इस खबर से पूरी तरह टूट गई हैं. मनी कंट्रोल से बातचीत में मेघा ने बताया कि संचिता पिछले कुछ महीनों से डिप्रेशन और कुछ स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही थीं.
मेघा ने कहा- मैं अभी भी सदमे में हूं. मेरे पास शब्द नहीं हैं. संचिता को कुछ हेल्थ इश्यूज थे और वह जनवरी से डिप्रेशन से गुजर रही थीं. कुछ निजी वजहों से परेशान थीं और उनका इलाज भी चल रहा था.
मेघा ने बताया कि उनकी संचिता से करीब 10 दिन पहले मुलाकात हुई थी. वह उन्हें एक ऑडिशन के लिए भी लेकर गई थीं. उनके मुताबिक, संचिता अपने करियर को लेकर उम्मीद से भरी हुई लग रही थीं. उन्होंने कहा- वह बहुत खुशमिजाज लड़की थी. 10 दिन पहले ही हम मिले थे. वह पूरी तरह कॉन्फिडेंट थी कि वह अपने करियर में आगे बढ़ेगी. बाद में उसका फोन बंद आने लगा.
मेघा ने यह भी दावा किया कि संचिता कई बार जिंदगी से हार मानने जैसी बातें किया करती थीं, लेकिन परिवार और दोस्तों ने हमेशा उन्हें सकारात्मक रहने के लिए प्रेरित किया.
संचिता के भाई ने सुशांत सिंह राजपूत के सुसाइड से जोड़ा कनेक्शन
वहीं दूसरी ओर, पुलिस जांच के बीच संचिता के भाई अविनाश उगले ने भी कुछ गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि मनोरंजन इंडस्ट्री में लगातार दबाव, काम की कमी और सीनियर्स के कथित तौर पर किए जाने वाले अपमान ने उनकी बहन को मानसिक रूप से प्रभावित किया.
अविनाश ने यह भी बताया कि संचिता का आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत को समर्पित था. उनका दावा है कि संचिता लंबे समय से मानसिक तनाव में थीं.
पुलिस के मुताबिक, 14 जून की शाम को संचिता अपने घर में अचेत अवस्था में मिली थीं. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी.
संचिता उगले टीवी इंडस्ट्री का एक जाना-पहचाना चेहरा थीं. टीवी शोज के अलावा वह विक्की कौशल की फिल्म 'छावा' में भी नजर आई थीं. उनके अचानक निधन से टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है और फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क