चल नहीं सकते ससुर, दीपिका ने की देखभाल...संभाली जॉइंट फैमिली, करियर की परवाह किए बगैर की शादी, बताते हुए रो पड़े पति

‘पति पत्नी और पंगा 2’ में रोहित राज गोयल ने दीपिका सिंह की तारीफ करते हुए अपनी शादी की भावुक कहानी सुनाई. जानिए क्यों दीपिका के फैसले और उनके परिवार के लिए प्यार ने सबको इमोशनल कर दिया.

Advertisement
दीपिका के पति हुए इमोशनल (Photo: Screengrab) दीपिका के पति हुए इमोशनल (Photo: Screengrab)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 27 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 8:36 AM IST

टीवी शो पति पत्नी और पंगा 2 में इन दिनों दीपिका सिंह और उनके पति रोहित राज गोयल बतौर कंटेस्टेंट नजर आ रहे हैं. शो के एक प्रोमो में रोहित अपनी शादी की कहानी सुनाते हुए भावुक हो गए. उन्होंने दीपिका को धन्यवाद दिया कि उन्होंने अपने करियर के सबसे अच्छे दौर में उनसे शादी करने का फैसला लिया. रोहित की बातें सुनकर शो में मौजूद कंटेस्टेंट्स और होस्ट मुनव्वर फारूकी और सोनाली बेंद्रे भी इमोशनल हो गए.

Advertisement

दीपिका सिंह टीवी की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं. जब उनका करियर आगे बढ़ रहा था, उसी दौरान उन्होंने रोहित राज गोयल से शादी करने का फैसला लिया. रोहित ने बताया कि दीपिका ने सिर्फ उन्हें ही नहीं, बल्कि उनके पूरे परिवार को अपनाया. उनके मुताबिक, दीपिका का यह फैसला उनके लिए बेहद खास है और वह आज भी इसके लिए अपनी पत्नी के शुक्रगुजार हैं.

दीपिका सिंह और रोहित राज गोयल की मुलाकात टीवी शो दीया और बाती हम के सेट पर हुई थी. उस शो में दीपिका लीड रोल निभा रही थीं, जबकि रोहित शो के डायरेक्टर थे. काम के दौरान दोनों करीब आए और फिर उनका रिश्ता शादी तक पहुंच गया. आज दोनों की जोड़ी टीवी की चर्चित जोड़ियों में गिनी जाती है.

जॉइंट फैमिली में रहती है रोहित की दुनिया, दीपिका ने सबको अपनाया

Advertisement

रोहित ने बताया कि दीपिका ने उनके परिवार को दिल से स्वीकार किया. उन्होंने कहा कि दीपिका ने उनकी मां, पिता, भाई और भाभी समेत पूरे परिवार को अपनाया. रोहित के मुताबिक, दीपिका का प्यार सिर्फ उनके लिए नहीं, बल्कि उनके परिवार के हर सदस्य के लिए है. यही बात उनके रिश्ते को और भी खास बनाती है.

अपनी शादी की कहानी सुनाते हुए रोहित ने अपने पिता के बारे में भी बात की. उन्होंने बताया कि उनके पिता दिव्यांग हैं और उन्हें खास देखभाल की जरूरत होती है. रोहित के मुताबिक, दीपिका उनके पिता को बहुत प्यार से संभालती हैं, उनसे बात करती हैं और उनका ख्याल रखती हैं. यह बताते हुए रोहित भावुक हो गए और उन्होंने अपनी पत्नी के प्रति आभार जताया.ट

रोहित ने याद किया कि उनके पिता की स्थिति को देखकर कुछ लोग कहा करते थे कि उनके बच्चों की शादी नहीं हो पाएगी और उनका भविष्य मुश्किल होगा. रोहित के मुताबिक, उनकी शादी के दिन कई लोग सिर्फ यह देखने आए थे कि आखिर उनकी शादी कैसे हो रही है. उन्होंने कहा कि दीपिका की वजह से यह सब संभव हुआ. अपनी बात कहते हुए रोहित ने दीपिका को गले लगाया और उनका शुक्रिया अदा किया.

Advertisement

रोहित की बातें सुनकर भावुक हुए कंटेस्टेंट्स, सोशल मीडिया पर भी हो रही तारीफ

रोहित और दीपिका की यह कहानी सुनकर शो में मौजूद लोग भावुक हो गए. प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोग इस जोड़ी की तारीफ कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा कि रोहित जिस तरह दीपिका को देखते हैं और उनकी छोटी-छोटी खूबियों की कद्र करते हैं, वह उनके रिश्ते को खास बनाता है. वहीं, एक अन्य यूजर ने दीपिका को बेहतरीन बताया.

दीपिका सिंह और रोहित राज गोयल ने मई 2014 में शादी की थी. शादी के करीब तीन साल बाद, मई 2017 में दोनों के घर बेटे का जन्म हुआ. दीपिका दीया और बाती हम और मंगल लक्ष्मी जैसे टीवी शोज में काम कर चुकी हैं. वहीं, रोहित टीवी डायरेक्टर के तौर पर अपनी पहचान रखते हैं. अब पति पत्नी और पंगा 2 में दोनों की जोड़ी और उनकी दिल छू लेने वाली कहानी एक बार फिर चर्चा में है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »