बिग बॉस 16 में अपने बेबाक अंदाज से चर्चा में रहने वाली अर्चना गौतम एक बार फिर चर्चा में है. लेकिन इस बार वह अपने कैफे में चोरी की वजह से सुर्खियों में है. एक्ट्रेस अर्चना गौतम के मुंबई स्थित कैफे 'ओए चुरोस' में चोरी हो गई. एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर घटना का सीसीटीवी फुटेज शेयर कर लोगों से सतर्क रहने को कहा.
अर्चना के कैफे की चोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. अर्चना ने जो फुटेज शेयर की है. वह 24 सितंबर सुबह 3 बजकर 30 मिनट की है. फुटेज में एक शख्स कैफे के अंदर जाता दिखाई दे रहा है. इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए अर्चना ने लिखा, 'आप जो वीडियो देख रहे हैं, वो मेरे कैफे का है. यह लड़का मेरे कैफे में आया और पूरा कैश काउंटर लेकर चला गया.' एक्ट्रेस इस घटने से काफी नाराज हैं.
अर्चना ने बताया कि ओए चुरोस उनके लिए सिर्फ एक बिजनेस नहीं, बल्कि उनकी मेहनत और सपनों से जुड़ा हुआ है.उन्होंने इसे अपनी बचत के पैसों से शुरू किया था और कैफे को तैयार करने में खुद भी काफी मेहनत की थी. वह चोरी की इस घटना से बेहद दुखी है.
उन्होंने लिखा, 'मैं अपने कैफे में चोरी की ये सीसीटीवी फुटेज आप सबके लिए शेयर कर रही हूं, ताकि आप लोग भी सतर्क रहें और अपने घर और बिजनेस की सुरक्षा का पूरा ख्याल रखें.'
उन्होंने लिखा, 'मैंने इस कैफे को बड़े ही प्यार और मेहनत से बनाया है, अपनी जमापूंजी लगाई है. कैफे की शुरुआत से लेकर एक-एक चीज मैंने खुद के मेहनत से की थी. लेकिन एक चोर मेरे कैफे में घुसकर पूरा कैश काउंटर ही उठाकर ले गया.'
अर्चना ने कहा कि उन्होंने चोरी को लेकर पुलिस में एफआईआर दर्ज करा दी है. उन्होंने मुंबई पुलिस से सीसीटीवी में दिखाई दे रहे शख्स की पहचान करने और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की अपील की. इस घटना से वह बेहद दुखी और नाराज है क्योंकि वह इस कैफे को बहुत ही मेहनत से बनाया था और इसमें अपनी पूरी जमापूंजी लगा दी थी.
अर्चना को कभी नही लगा था कि मुंबई में उनके साथ ऐसा भी हो सकता है. उन्होंने लिखा, 'मुंबई मुझे हमेशा से ही एक सुरक्षित शहर लगा है, इसलिए इस घटना ने मुझे बहुत दुखी किया है. आप सभी से बस रिक्वेस्ट है कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और अपने आसपास की सुरक्षा का ध्यान रखें.'
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क