मनोज तिवारी भोजपुरी इंडस्ट्री के सुपरस्टार होने के साथ नेता भी हैं. इन दिनों वो रियलिटी शो 'पति पत्नी और पंगा 2' में पत्नी सुरभि संग दिखाई दे रहे हैं. अब शो के नए प्रोमो वीडियो में मनोज तिवारी पत्नी संग रोमांटिक होते दिखे.
पत्नी संग मनोज तिवारी का रोमांस
शो के दिवाली स्पेशल एपिसोड में मनोज तिवारी पत्नी सुरभि को डेट पर ले जाने के लिए छोटे-मोटे काम करके पैसे कमाते हुए दिखाई दिए. मनोज तिवारी ने रिक्शा भी चलाई और दुकान में साड़ियां बेचकर भी पैसे कमाए. इसके बाद उन्होंने घुटनों के बल बैठकर पत्नी को प्यारा तोहफा दिया, जिसे देखकर उनकी पत्नी इमोशनल हो गईं.
शो के प्रोमो वीडियो में मनोज तिवारी कहते दिखे- काम करके कमाना है पैसे, फिर उससे पत्नी को डेट पर ले जाना है. मनोज तिवारी कभी होटल में लोगों को खाना सर्व करते दिखे, तो कभी सड़कों पर रिक्शा चलाते नजर आए. इतना ही नहीं उन्होंने कपड़े की दुकान में साड़ी बेचकर भी पैसे कमाए.
मनोज तिवारी पत्नी को स्कूटी पर घुमाते हुए भी नजर आए. इतना ही नहीं उन्होंने फुल फिल्मी अंदाज में सुरभि पर प्यार लुटाया और उन्हें प्रपोज किया.
पत्नी को किया प्रपोज
मनोज तिवारी घुटनों के बल बैठकर सुरभि को अगूंठी पहनाते नजर आए. उन्होंने फिर पत्नी के माथे पर Kiss करके कहा- I Really Love You...तुम बहुत अच्छी हो. मनोज तिवारी का इतना रोमांटिक अंदाज देखकर सुरभि भावुक हो गईं. उनकी आंखों से खुशी के आंसू बहने लगे. सुरभि और मनोज तिवारी का प्यार देखकर बाकी सेलेब्स की आंखें भी नम हो गईं.
मनोज तिवारी और सुरभि को फैंस परफेक्ट जोड़ी बता रहे हैं. फैंस कपल पर खूब प्यार लुटा रहे हैं और हमेशा उन्हें यूं ही साथ में रहने की दुआएं दे रहे हैं. दोनों की केमिस्ट्री और प्यार वाकई में देखने लायक है.
बता दें कि सुरभि, मनोज तिवारी की दूसरी पत्नी हैं. एक्टर की पहली शादी रानी तिवारी से हुई थी, लेकिन शादी के कुछ सालों बाद दोनों तलाक लेकर अलग हो गए थे. पहली शादी टूटने के बाद मनोज तिवारी को सुरभि में प्यार मिला और फिर साल 2020 में शादी करके दोनों एक हो गए. सालों बाद भी उनका रिश्ता अटूट है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क