पवित्र रिश्ता और कुमकुम भाग्य शो फेम एक्ट्रेस स्वाति आनंद 63 साल की हो चुकी हैं लेकिन सिंगल हैं. उन्होंने कभी शादी न करने का फैसला लिया है.
स्वाति ने बताया कि वो 25 साल से किसी के साथ रिलेशन में हैं, लेकिन वो उसे प्राइवेट रखना ही पसंद करती हैं. उनका कहना है कि शादी न करना और किसी रिश्तें में न बंधना उनका फैसला है.
टेली मसाला से बातचीत में स्वाति ने अपनी जिंदगी के राज खोले और कहा कि मुझे कभी नहीं लगा कि मैं शादी करूं. मैं बचपन में भी कहती थी कि मैं अकेले ही रहूंगी. मेरी मां को बहुत बुरा फील होता था कि मेरी एक ही बेटी है उसकी शादी तो मैं बड़े धूमधाम से करूंगी.
'धीरे-धीरे जब मैं बड़ी होने लगी, मेरी सोच लोगों को पता लगने लगी. हमारे भारत में, समाज में जो भी सोच हो लेकिन मेरे घर में मुझे बहुत फ्रीडम मिली. तो मुझे हमेशा लगता था कि जहां भी मैं जाऊंगी मुझे वहां इतनी आजादी नहीं मिलेगी.'
'वो एक सवालिया निशान हमेशा मेरे साथ रहता था. मैं साथ ही भावुक भी बहुत हूं. मुझे लगता है कि अगर मैं किसी के लिए अपना 100 परसेंट दे रही हूं तो सामने वाला 50 परसेंट को बदले में दे.'
'ऐसा तो है नहीं कि हम किसी से उम्मीद नहीं रख सकते, हम इंसान हैं, ऐसा न हो तो हम सनकी बन जाएंगे. मेरा ये मानना रहा है कि वक्त के साथ रिश्तों में दूरियां भी आने लगी हैं क्योंकि हमारे आसपास सहूलियत बहुत है.'
स्वाति ने बताया कि ये डर उनको हमेशा घेरे रहा कि वो प्यार जो उनको बचपन से मिला है शादी के बाद न मिला तो क्या होगा. इसलिए वो कुंवारी रहीं और उसी में अपनी जिंदगी समेटे रहीं. उन्हें इसी में खुशी मिलती है.
स्वाति ने रिश्तेदारों से मिलने वाले तानों पर भी बात की और बताया कि उन्हें कभी किसी से दिक्कत नहीं हुई. एक्ट्रेस बताती हैं कि वो सबको मैनेज करने में कम्फर्टेबल हैं. वो शूटिंग के बीच में कभी घर जाकर सबको खाना बनाकर खिला देती हैं.
हालांकि स्वाति ने बताया कि उनके पेरेंट्स उन्हें इतना समझते हैं कि कभी प्रेशराइज नहीं किया. उन्हें कभी इस फैसले पर पछतावा नहीं हुआ. वो ऐसे ही खुश हैं.
Photos: Instagram @suwatianand