फिल्ममेकर करण जौहर हाल ही में सरोगेसी के जरिए पापा बने हैं. उसके बाद गुरमीत चौधरी और देबीना बनर्जी के भी दो लड़कियों को गोद लेने की खबर सामने आई और अब बारी है मंदिरा बेदी की.
मंदिरा बेदी और उनके पति राज कौशल एक बच्ची को गोद लेना चाहते हैं. राज ने फेसबुक पोस्ट के जरिए अपने दिल की बात सामने रखी है.
राज ने लिखा, 'मेरा बेटा वीर जून में छह साल का हो जाएगा और वह हमेशा डिमांड करता है कि उसे एक बहन चाहिए. मैंने और मंदिरा ने पहले से ही सोच रखा था कि हम एक बच्चा पैदा करेंगे और एक गोद लेंगे. हमने तो उसका नाम भी सोच रखा है. उसका नाम 'तारा' होगा. हम नवजात बच्चा गोद नहीं लेना चाहते हैं. हमदो से चार साल की बच्ची चाहते हैं. वह बच्ची किसी भी जाति, संप्रदाय या रंग की हो सकती है.
हालांकि गोद लेने की प्रक्रिया में कानूनी अड़चन भी आ सकती है. दरअसल गोद लेने के भारतीय नियमों के मुताबिक अगर दोनों पैरंट्स की कुल उम्र 90 साल से ज्यादा है तो वो गोद नहीं ले सकते हैं और एक महीने बाद 15 अप्रैल को ही मंदिरा और राज की उम्र मिलाकर 90 साल होने वाली है.
एक अखबार से बातचीत के दौरान मंदिरा ने कहा, हमने एक साल पहले ही गोद लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी, लेकिन यह काफी लंबा और थकाऊ प्रॉसेस है. इसलिए हमने फेसबुक पर लिखने का फैसला किया.
स्वाति पांडे