सुशांत सिंह राजपूत के सुसाइड के बाद से ही बॉलीवुड में नेपोटिज्म को लेकर बहस तेज हुई है. सुशांत की फैमिली ने नेपोमीटर एप की भी घोषणा कर दी है जिसके सहारे ये पता लगाया जा सकता है कि किसी फिल्म में कितना नेपोटिज्म है. भले ही नेपोटिज्म और इंडस्ट्री में भाई भतीजावाद से जुड़े मुद्दे पिछले कुछ सालों में सुर्खियों में रहे हों लेकिन बॉलीवुड में ये कल्चर दशकों से मौजूद है.
ऐसा ही देखने को मिला जब अक्षय कुमार ने मिड डे को दिए इंटरव्यू में बताया कि उन्हें फिल्म फूल और कांटे में ऐन मौके पर रिप्लेस कर दिया गया था. गौरतलब है कि फूल और कांटे के साथ ही अजय देवगन ने अपने करियर की शुरुआत की थी. अजय देवगन बॉलीवुड में स्टंटमैन वीरु देवगन के बेटे हैं वही अक्षय दिल्ली के आउटसाइडर हैं.
अक्षय को कहा गया था, भाई कल से आप मत आना
अक्षय ने कहा कि मैं साल 1991 में रिलीज हुई फिल्म 'फूल और कांटे में था'. मैं इस फिल्म के सॉन्ग्स की मेकिंग में, फोटोशूट्स में और इसके अलावा और भी कई जगहों में मौजूद था. हालांकि शूटिंग से एक रात पहले मुझे एक कॉल आया था और उस समय मैं अगले दिन शूटिंग की तैयारी कर रहा था. मुझे फोन आया और मुझसे कहा गया कि मैं रिप्लेस हो चुका हूं. अक्षय ने इस घटना के बारे में हंसते हुए कहा कि मुझे कहा गया था कि भाई, आप मत आना.
हालांकि अक्षय कुमार और अजय देवगन के बीच में कोई तनाव नहीं है. अक्षय कुमार रोहित शेट्टी की हिट फ्रेंचाइजी फिल्म सूर्यवंशी में भी काम कर रहे हैं. इस फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म सिंघम में अजय देवगन नजर आए थे. अक्षय कुमार लंबे समय बाद इस फिल्म में कटरीना कैफ के साथ काम कर रहे हैं हालांकि कोरोना वायरस के चलते इस फिल्म की रिलीज खिसक गई है.
aajtak.in